शाह ने कहा, प्रधानमंत्री के पिताजी पर खरगे की अभद्र टिप्पणी, हताशा में कांग्रेस गाली-गलौज पर उतरी

युगवार्ता    25-Oct-2026
Total Views |
KR-Amit-Shah-to-participate-in-various-programs


नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पटना में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबंध में की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में प्रधानमंत्री के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएँ तार-तार कर दी हैं। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है।

एक्स पर एक पोस्ट में शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार को पहली बार अपशब्द नहीं कहे हैं। पार्टी नेता कभी उनकी पूजनीय माताजी के बारे में अपशब्द कहते हैं, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर', कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाते हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएँ पार करती जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनाधार खो चुकी कांग्रेस अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियाँ की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags