पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालयीय वालीबाल प्रतियोगिता के लिए पीयू की टीम रवाना

युगवार्ता    25-Oct-2026
Total Views |
पूर्वांचल विश्वविद्यालय वॉलीबॉल टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कुलपति


जौनपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की पुरुष वालीबाल टीम अखिल भारतीय पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालयीय वालीबाल प्रतियोगिता 2026-27 में प्रतिभाग करने के लिए रविवार को कोलकाता, पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, संयम, टीम भावना और चरित्र निर्माण का भी माध्यम हैं। खिलाड़ियों को अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन करना चाहिए, ताकि विश्वविद्यालय गौरवान्वित हो।

पुरुष वालीबाल टीम के मैनेजर डॉ. सत्य प्रकाश सिंह और कोच दिलीप कुमार हैं। विश्वविद्यालय की खेल परिषद विद्यार्थियों को अंतर-विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए लगातार प्रोत्साहित करती है। इस अवसर पर खेलकूद प्रभारी एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के महामंत्री राधेश्याम सिंह (मुन्ना), खेल सहायक रजनीश सिंह, डॉ. राजेश सिंह और जितेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Tags