अरुणाचल प्रदेश के हिंसा प्रभावित पासीघाट में हुई आरएएफ की तैनाती

युगवार्ता    26-Oct-2026
Total Views |
सांकेतिक


इटानगर, 26 अक्टूबर (हि.स)। अरुणाचल प्रदेश के 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' का विरोध करते हुए, पूर्वी सियांग जिले के युवाओं द्वारा पासीघाट में भारी हिंसा किए जाने के बाद, केंद्र सरकार ने कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और सीआरपीएफ की दो कंपनियों को वहां तैनात किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, रविवार की शाम से ही आरएएफ की तैनात शुरू हो गयी है। लगभग 250 आरएएफ जवान पासीघाट पहुंचे, जिन्हें भारतीय वायु सेना के विमान से वहां पहुंचाया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय द्वारा शनिवार को दिए गए निर्देश के बाद, लगभग 250 जवानों वाली आरएएफ की दो कंपनियों को नवी मुंबई से भारतीय वायु सेना के एक ट्रांसपोर्ट विमान के जरिए एयरलिफ्ट किया गया। ये टुकड़ियां रविवार को ही पासीघाट पहुंच गईं। इनकी वहां तैनाती कर दी गई है।

अरुणाचल प्रदेश के सियांग इलाके में मौजूदा हालात को देखते हुए रैपिड एक्शन फोर्स को पासीघाट भेजा गया है। 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' को लेकर इस क्षेत्र में काफी तनाव बना हुआ है, जिसके चलते आरएफ की तैनाती की गई है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Tags