पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा का भगवंत मान सरकार पर हमला

युगवार्ता    26-Oct-2026
Total Views |
BJP spokesperson Gaurav Bhatia


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार पर अपराध नियंत्रण में पूरी तरह से विफल रहने का आरोप लगाया है।

भाजपा ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और राज्य में हत्या, नशे तथा अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़ी खबरें लगातार सामने आ रही हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को यहां पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि पंजाब में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने राज्य के मौजूदा हालात के लिए भगवंत मान सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है।

भाटिया ने आआपा पर हमला करते हुए उसे अराजक अपराध पार्टी करार दिया।

भाटिया ने पिछले 24 से 36 घंटों के दौरान हुई हत्याओं की तीन घटनाओं का उल्लेख किया। इनमें पहली घटना पंजाब के मोगा जिले में हुई दो युवकों की हत्या की थी।

भाटिया के अनुसार हथियारों से लैस हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली काली स्कॉर्पियो गाड़ी में पहुंचे और दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए। उन्होंने इस घटना का हवाला देते हुए राज्य में अवैध हथियारों की उपलब्धता और खुलेआम गोलीबारी को लेकर सवाल उठाए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ी, हथियारों से लैस हमलावर और दिनदहाड़े हुई गोलीबारी जैसी परिस्थितियां राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

भाटिया ने पंजाब में अपराध की घटनाओं के साथ-साथ नशे की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, नशे और अन्य गंभीर घटनाओं को रोकने में सरकार प्रभावी साबित नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाओं से पीड़ित लोगों को न्याय और सुरक्षा मिलनी चाहिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Tags