गुवाहाटी के होटल विलास इन में अंधाधुंध गोलीबारी, पांच लोगों की मौत, आरोपित गिरफ्तार

युगवार्ता    26-Oct-2026
Total Views |
गुवाहाटीः गोलीबारी घटनास्थल की जांच करते पुलिस के आलाधिकारी


गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के पॉश इलाके उलुबारी, जीएस रोड स्थित होटल विलास इन में रविवार रात करीब 9 बजे एक संदिग्ध हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में महिला और पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। मौके पर सीआईडी, फॉरेंसिक टीम भी पहुंचकर जांच में जुट गयी है। बताया गया है कि अपराधी ने अंधाधुंध गोलीबारी करने के बाद मौके से फरार हो गया। जिसे बाद में पलटन बाजार पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में हुई है। आरोपित के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद की गई है।

बताया गया है कि मौके पर चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति की गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में ले जाने के दौरान हो गयी। बताया गया है कि होटल विलास इन की मालकिन हेलेना भराली और उनके पुत्र देवर्षी कश्यप की मौत हुई है। वहीं हेलेना की पुत्री एवं पति की भी मौत हुई है। दो मृतकों में नारायण दास और चैतन्य पाठक (42) के रूप में की गयी है। वहीं सत्येन पाठक नामक व्यक्ति का जीएमसीएच में इलाज चल रहा है।

अंधाधुंध गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने होटल को पूरी तरह से सील कर दिया है। स्थानीय लोगों ने सात राउंड गोली चलने की बात कही है। पुलिस की टीम अपराधी की तलाश में बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन समेत अन्य स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाना आरंभ किया।

पलटन बाजार पुलिस द्वारा गोलीबारी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार करने का दावा किया है। घटना के पीछे आपसी रंजिश बताया जा रहा है।

घटना के संबंध में गुवाहाटी महानगर पुलिस आयुक्त डॉ. पार्थ सारथी महंत ने दी। महंत ने घटना के संबंध में मीडिया को बताया कि बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में आज रात गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की एक टीम पहुंची। कई लोगों को घायल अवस्था में बरामद कर गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत्यु घोषित कर दिया। पुलिस इस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों की माने तो इस घटना के पीछे पारिवारिक कहल और संपत्ति विवाद है। सुपारी किलर की मदद से इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags