
-ब्रिटिश पायलट को किया गया सुरक्षित रेस्क्यू
धर्मशाला, 26 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित खनियारा-योल क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग हादसे में बुल्गारिया के 47 वर्षीय पायलट मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको की मौत हो गई, जबकि ब्रिटेन के 63 वर्षीय पायलट स्टीफन एंटनी पर्डी को सुरक्षित बचा लिया गया। दोनों ने रविवार को बीड़-बिलिंग से उड़ान भरी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज हवा के कारण राइजिंग स्टार पीक के समीप यह हादसा हुआ।
पुलिस और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मैक्सिम 7 अक्तूबर को पर्यटक वीजा पर भारत आए थे। रविवार को बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के बाद दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच खनियारा योल क्षेत्र में हादसे की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय हिम संसार रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। रात करीब नौ बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई टीम ने पूरी रात तलाश अभियान चलाया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इस दौरान मैक्सिम की मौत हो गई, जबकि ब्रिटिश नागरिक स्टीफन एंटनी पर्डी को सुरक्षित निकाल लिया गया। उनकी स्थिति सुरक्षित बताई गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला के शवगृह में रखा गया है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। उधर, लगातार बदलते मौसम और तेज हवाओं के बीच पैराग्लाइडिंग उड़ानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
----
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया