
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश के डुमरियागंज से सांसद जगदंबिका पाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में चर्चा और बहस के माध्यम से जनता के मुद्दों को उठाने के बजाय धरना-प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरी तरह मानसिक रूप से दिवालिया हो गई है।
जगदंबिका पाल ने सोमवार को संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि विपक्ष के नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे संसद में बहस, चर्चा और विचार-विमर्श के माध्यम से जनहित के मुद्दों पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में भाग लें। यदि विपक्ष वास्तव में जनता के हितों और जनकेंद्रित विकास की बात करता है तो उसे संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे पहले आयोजित संसदीय सम्मेलन में 21 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। इनमें 11 सदस्य देश और 10 साझेदार देश शामिल थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधियों का स्वागत किया था, लेकिन विपक्ष ने इसमें भी भाग नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि संसद में 12वां ब्रिक्स संसदीय मंच आयोजित हो रहा है, जिसका विषय विकास से जुड़ा है। इस मंच के तहत लचीलापन, नवाचार, सतत विकास और वैश्विक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चार सत्र आयोजित किए जाने हैं। ऐसे समय में जब दुनिया विभिन्न अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों का सामना कर रही है, विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
भाजपा सांसद ने राजनीतिक बयानबाजी में इस्तेमाल की जा रही भाषा पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन किसी के माता-पिता के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी से देश की छवि खराब होती है और राजनीतिक मर्यादाएं टूटती हैं।
जगदंबिका पाल ने कहा कि कांग्रेस चाहे कितनी भी रैलियां कर ले, जनता उसे माफ नहीं करेगी। उन्होंने विपक्ष से संसद में सकारात्मक भूमिका निभाने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी