यमन ने ताइज को लेकर पोप लियो की अपील का स्वागत किया

युगवार्ता    26-Oct-2026
Total Views |
पोप लियो (चतुर्दश)। फोटो - इंटरनेट मीडिया


वेटिकन सिटी/ सना (यमन), 26 अक्टूबर (हि.स.)। यमन ने ताइज में बिगड़ती मानवीय स्थिति पर पोप लियो (चतुर्दश) की अपील का स्वागत किया है। साथ ही यमन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया है कि वे हूती पर दबाव डालने के लिए ठोस कदम उठाएं। ताकि हूती लड़ाके घेराबंदी खत्म करें। नागरिकों पर हमले रोकें और मानवीय सहायता की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें।

यमन के विदेश और प्रवासी मामलों के मंत्रालय ने सोमवार को एक्स पोस्ट में यमन के लोगों की पीड़ा पर पोप की चिंता और उनके उस आह्वान की सराहना की, जिसमें उन्होंने शत्रुता खत्म करने और यमन तथा पूरे क्षेत्र के लोगों के शांति से रहने की बात कही है। पोस्ट में कहा गया, यमन ताइज को लेकर पोप की अपील का स्वागत करता है और घेराबंदी खत्म करने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की मांग करता है।

वेटिकन न्यूज के अनुसार, पोप लियो ने रविवार को 'एंजेलस' प्रार्थना के बाद अपने वैश्विक संबोधन में यमन में जारी संघर्ष को समाप्त करने की अपील की। उन्होंने जॉर्डन में चर्च जाने वालों पर हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों के लिए प्रार्थना की। यमन में गंभीर मानवीय संकट पर चिंता जताते हुए पोप लियो ने विशेष रूप से ताइज शहर की ओर ध्यान दिलाया- जहां के लोग भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाओं की भारी कमी से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा, मैं दिल से अपील करता हूं कि लड़ाई-झगड़े बंद हों और यमन के लोगों तथा इस क्षेत्र के सभी निवासियों को शांतिपूर्ण जीवन जीने की गारंटी मिले। गौरतलब है कि ताइज में लड़ाई और रास्ते बंद होने की वजह से जरूरी सामान की आपूर्ति रुक गई है, जिससे आम लोगों को पानी, भोजन और ईंधन की बढ़ती किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

संयुक्त राष्ट्र ने तत्काल मानवीय सहायता पहुंचाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अस्पतालों में दवाइयों और ऑक्सीजन का स्टॉक कम होने से जरूरी सेवाएं बनाए रखने में मुश्किलें आ रही हैं। इस कमी का असर उन सामुदायिक रसोइयों पर भी पड़ रहा है, जो जरूरतमंद परिवारों को भोजन उपलब्ध कराती हैं।

पोप लियो ने जॉर्डन में हरमौद स्थित सेंट जॉर्ज ऑर्थोडॉक्स चर्च के श्रद्धालुओं पर शुक्रवार को हुए हमले में मारे गए और घायल हुए लोगों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, मैं उस समुदाय और पूरे देश के साथ खड़ा हूं, जो अलग-अलग धर्मों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और आपसी सम्मान के लिए जाना जाता है। उल्लेखनीय है कि 23 अक्टूबर को जॉर्डन के करक प्रांत में एक चर्च में अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और लगभग चालीस लोग घायल हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags