सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान देंगे शिवराज सिंह चौहान, 31 अक्टूबर को आकाशवाणी पर होगा प्रसारण

युगवार्ता    26-Oct-2026
Total Views |
आकाशवाणी


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। देश के पहले उप प्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में आयोजित होने वाले 67वें सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे। आकाशवाणी की ओर से आयोजित यह व्याख्यान 27 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित संसद मार्ग के रंग भवन सभागार में दोपहर तीन बजे होगा। व्याख्यान का प्रसारण सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को रात 9:30 बजे आकाशवाणी के पूरे नेटवर्क पर किया जाएगा।

आकाशवाणी वर्ष 1955 से सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में इस वार्षिक व्याख्यान शृंखला का आयोजन कर रहा है। सरदार पटेल को देश की एकता और अखंडता का शिल्पकार माना जाता है। स्वतंत्र भारत के पहले उप प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान को याद करने और उनके विचारों तथा विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस व्याख्यान शृंखला की शुरुआत की गई थी।

इस प्रतिष्ठित शृंखला का पहला व्याख्यान भारत के पहले गवर्नर जनरल और भारत रत्न से सम्मानित सी. राजगोपालाचारी ने दिया था। इसके बाद कई प्रतिष्ठित नेताओं, वैज्ञानिकों, इतिहासकारों और अन्य प्रमुख हस्तियों ने इसमें अपने विचार रखे। इनमें पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. जाकिर हुसैन, मोरारजी देसाई, डॉ. एमएस स्वामीनाथन, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, अरुण जेटली, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, जनरल बिपिन रावत और इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 66वां व्याख्यान केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने दिया था।

आकाशवाणी के अनुसार, यह वार्षिक व्याख्यान शृंखला देश की विविध संस्कृति, विकास से जुड़े मुद्दों और विभिन्न विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच रही है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के विचारों के माध्यम से भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को समझने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रहेगा। हालांकि, सभागार में सीटों की उपलब्धता के आधार पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। शृंखला के पिछले व्याख्यान प्रसार भारती के आधिकारिक यूट्यूब संग्रह पर भी उपलब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags