
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने केरलम में नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि राज्य में युवा पिछले 114 दिनों से सचिवालय के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ये युवा लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर रैंक हासिल करने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने का विरोध कर रहे हैं। वे प्राथमिक स्कूलों में शिक्षक के पद पर नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।
राव ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा कि बारिश से बचने के लिए प्रदर्शनकारी युवाओं ने एक शेड बनाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली। इसके बाद आंदोलन से जुड़ी महिला वलारमथी ने अपने बाल मुंडवाकर विरोध जताया।
भाजपा नेता ने कहा कि वलारमथी को इस तरह विरोध करने के लिए मजबूर होना पड़ा, जो दुखद है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से सवाल किया कि केरलम में इतने दिनों से प्रदर्शन कर रहे युवाओं की आवाज उन तक क्यों नहीं पहुंच रही है?
राव ने कहा कि राहुल और प्रियंका चुनाव के समय केरलम आते हैं, लेकिन नौकरी की मांग कर रहे युवाओं के आंदोलन पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने दोनों नेताओं से वलारमथी से माफी मांगने और युवाओं को न्याय दिलाने के लिए पहल करने की मांग की।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन मुद्दों पर आवाज उठाती है, जिनसे उसे राजनीतिक फायदा मिलता है, लेकिन कांग्रेस शासन वाले राज्यों में छात्रों के आंदोलन और पेपर लीक जैसे मामलों पर चुप रहती है।
उन्होंने झारखंड, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पंजाब का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दने का आरोप लगाया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी