हूती हमलों पर यूरोपीय संघ सख्त, लाल सागर में जहाजों की सुरक्षा पर जताई चिंता

युगवार्ता    27-Oct-2026
Total Views |
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा (फाइल फोटो)


ब्रसेल्स, 27 अक्टूबर (हि.स.)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने यमन में, सऊदी अरब के खिलाफ और लाल सागर में जहाजों को निशाना बनाकर किए जा रहे हूती हमलों की कड़ी निंदा की है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने हूतियों से तत्काल हमले रोकने, तनाव कम करने और संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में बातचीत की मेज पर लौटने की अपील की है।

कोस्टा ने यमन की राष्ट्रपति नेतृत्व परिषद के अध्यक्ष राशद अल-अलीमी से फोन पर बातचीत के दौरान यूरोपीय संघ का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने यमन में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए वहां की सरकार के प्रयासों के प्रति ईयू का समर्थन दोहराया।

कोस्टा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि यमन में युद्ध तेज होने से मानवीय संकट गहरा रहा है और लाखों लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हूतियों को हमले तत्काल बंद कर तनाव कम करना चाहिए और संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में वार्ता फिर शुरू करनी चाहिए। उनके मुताबिक, यमन में स्थायी शांति केवल ऐसी राजनीतिक प्रक्रिया से संभव है, जिसमें सभी संबंधित पक्षों को शामिल किया जाए।

इस महीने की शुरुआत में सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हूती हमले की भी संयुक्त राष्ट्र ने निंदा की थी। इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी और 309 अन्य घायल हुए थे। मृतकों में चार सऊदी नागरिक और आठ विदेशी नागरिक शामिल थे। विदेशी मृतकों में दो बांग्लादेशी नागरिकों के अलावा अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फलस्तीन और सूडान का एक-एक नागरिक शामिल था।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags