कर्नाटक में अंतिम मतदाता सूची जारी, 4,55,00,011 मतदाता दर्ज; 99.32 लाख की शुद्ध कमी

युगवार्ता    27-Oct-2026
Total Views |
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनबु कुमार


बेंगलुरु, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कर्नाटक में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। पुनरीक्षण से पहले राज्य में 5,54,32,314 मतदाता थे, जबकि अब अंतिम सूची में 4,55,00,011 मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार पिछली सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में शुद्ध रूप से 99,32,303 की कमी आई है।

इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनबु कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची में 2,25,40,493 पुरुष, 2,29,12,355 महिलाएं और 2,841 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 6.83 लाख से अधिक मतदाताओं को भी सूची में स्थान मिला है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया था। 24 अगस्त को जारी मसौदा मतदाता सूची में 4,46,35,975 मतदाताओं के नाम शामिल थे। अनुपस्थित रहने, स्थायी रूप से स्थानांतरित होने, मृत्यु, एक से अधिक बार नाम दर्ज होने तथा अन्य कारणों के आधार पर 1,07,96,339 मतदाताओं के नाम मसौदा सूची से हटाए गए थे।

मसौदा सूची जारी होने के बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने और विवरण में संशोधन के लिए आवेदन करने का अवसर दिया गया था। 16 जून से 23 सितंबर तक प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद अंतिम सूची में आवश्यक नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदाता सूची में नामों के मिलान में विसंगतियां और तार्किक अंतर पाए जाने पर कुल 43,82,824 नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों पर सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 के तहत 7,87,534 आवेदन प्राप्त हुए। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6ए के तहत 4,530 आवेदन आए। नाम हटाने से संबंधित आपत्तियों के लिए प्रपत्र-7 के तहत 58,475 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 के तहत 10,99,907 आवेदन मिले।

मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील

अनबु कुमार ने मतदाताओं से अंतिम सूची में अपना नाम, मतदान केंद्र के भाग की संख्या और क्रम संख्या की जांच करने की अपील की। भारतीय निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जिले, विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र से संबंधित विवरण दर्ज कर मतदाता सूची देखी और उसकी प्रति प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम अंतिम सूची से छूट गया है या उसके विवरण में कोई त्रुटि है, तो वह संबंधित निर्वाचन अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार जारी रहेगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Tags