उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की पांच सीटों पर लड़ने की तैयारी : डॉ. रामदास आठवले

युगवार्ता    27-Oct-2026
Total Views |
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) के अध्यक्ष डॉ. रामदास आठवले  लखनऊ में पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता से बात करते हुए।


लखनऊ, 27 अक्टूबर(हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व से पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।

यह जानकारी मंगलवार को लखनऊ पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री और आरपीआई पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामदास आठवले की मौजूदगी में आयोजित पदाधिकारी समीक्षा बैठक के दौरान दी गई। सहकारिता भवन में आयोजित बैठक में डॉ. आठवले ने पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, जनाधार और आगामी चुनावी रणनीति की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने की। इस दौरान प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा हुई।

रामदास आठवले ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को आधार बनाकर काम कर रही है। दलितों, पिछड़ों, शोषितों, अल्पसंख्यकों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि वह पिछले 12 वर्षों से अधिक समय से एनडीए के साथ सहयोगी के रूप में जुड़ी हुई है और गठबंधन के प्रति प्रतिबद्ध है। हालांकि, सीटों की मांग स्वीकार नहीं होने की स्थिति में इससे अधिक सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी का भी संकेत दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को गांव, ब्लॉक, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक विस्तारित करने का दावा करते हुए पार्टी ने कहा कि प्रदेश में उसका जनाधार लगातार बढ़ रहा है। इसी आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत पार्टी अध्यक्ष की अगुवाई में कई सीटों पर दावेदारी पेश की गई है। पार्टी का मानना है कि वंचित वर्गों के बीच उसकी राजनीतिक पकड़ एनडीए को चुनावी लाभ पहुंचा सकती है।

बैठक में प्रदेश महासचिव आलोक दुबे, सलीम मलिक, प्रदेश मीडिया प्रभारी एसपी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य गुप्ता, जयप्रकाश बिंद, रोशन खत्री, विमल भारती, नागेश कुमार, पीसी चौधरी, खुशी राम चौधरी और मंगलेश शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Tags