कीव, 26 अक्टूबर (हि.स.)। रूस ने सोमवार को यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर मिसाइल हमले किए, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। शहर के महापौर इहोर तेरेखोव ने टेलीग्राम पर इसकी जानकारी दी।
महापौर के मुताबिक, शहर के एक जिले को निशाना बनाकर तीन हमले किए गए। इनकी चपेट में आने से एक बहुमंजिला अपार्टमेंट इमारत और कई निजी मकानों को नुकसान पहुंचा। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने भी पुष्टि की कि रूसी सेना ने खारकीव पर मिसाइलें दागीं।
खारकीव रूस की सीमा से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित है और युद्ध के दौरान रूसी हमलों का लगातार निशाना बनता रहा है।
इस बीच, यूक्रेन के पड़ोसी निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र में भी रूसी सेना ने ड्रोन और तोपों से हमले किए। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सांद्र गांझा के अनुसार, रूसी सेना ने क्षेत्र में 50 से अधिक ड्रोन और तोपखाने से हमले किए।
गांझा ने बताया कि क्षेत्र के पावलोग्राड शहर में ड्रोन हमले के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हुए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
खारकीव और निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र में हुए इन हमलों से रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा है और आम नागरिकों के हताहत होने की खबर है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच सीमावर्ती और शहरी क्षेत्रों में हमले जारी रहने से नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय