
मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। शाहरुख खान अपनी आगामी फिल्म 'किंग' में एक बार फिर एक्शन और रोमांस का अनोखा मेल लेकर आने वाले हैं।
अभिनेता ने फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है, जिसमें उनका अंदाज काफी दमदार नजर आ रहा है। हाथ में बंदूक और मुंह में गुलाब लिए शाहरुख के चेहरे पर गुस्सा और आंखों में तीव्रता दिखाई दे रही है। उनका यह लुक एक तरफ फिल्म के एक्शन की झलक देता है, तो दूसरी तरफ उनके रोमांटिक अंदाज की याद दिलाता है।
पोस्टर में शाहरुख सफेद बालों और दाढ़ी के साथ रफ-टफ अवतार में नजर आ रहे हैं। उनका यह रूप उनके पहले के रोमांटिक किरदारों से काफी अलग है। पोस्टर के साथ अभिनेता ने लिखा, 'आज फिर याद आया... कातिल नहीं... आशिक हूं...।' इस संवाद के जरिए फिल्म में उनके किरदार के दो अलग-अलग पहलुओं की झलक मिलती है। शाहरुख इससे पहले 'पठान' और 'जवान' जैसी फिल्मों में एक्शन अवतार से दर्शकों का ध्यान खींच चुके हैं। अब 'किंग' में उनके नए अंदाज को लेकर प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही 'किंग' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में शाहरुख के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी भी नजर आएंगे। फिल्म को क्रिसमस के मौके पर रिलीज करने की तैयारी है। 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे