
बाक्सा (असम), 28 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने असम स्थित विश्व धरोहर स्थल मानस राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता का आनंद लिया। साथ ही उन्होंने असम के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी चखा। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी दो दिवसीय दौरे पर 27 अक्टूबर को यहां पहुंचे थे। आज सुबह उन्होंने मानस उद्यान का भ्रमण किया।
दौरे के दौरान मानस राष्ट्रीय उद्यान के मनमोहक प्राकृतिक वातावरण और विविध वन्यजीवों ने केंद्रीय मंत्री को आकर्षित किया। उन्होंने असम की पारंपरिक खाद्य संस्कृति का भी अनुभव किया।
इस अवसर पर सुरेश गोपी ने असम के पारंपरिक व्यंजन टेकेली पीठा का स्वाद लिया। चावल से तैयार किया जाने वाला यह पारंपरिक पकवान अपनी विशिष्ट बनाने की विधि के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही उन्होंने असम की प्रसिद्ध लाल चाय का भी आनंद लिया।
मानस राष्ट्रीय उद्यान अपनी समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक सुंदरता और विशिष्ट पारिस्थितिकी तंत्र के लिए प्रसिद्ध है। यह उद्यान असम के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और वन्यजीव प्रेमियों तथा प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित करता है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश