गोयल ने लिकटेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस के साथ व्यापार और निवेश संबंधों पर चर्चा की

युगवार्ता    28-Oct-2026
Total Views |
लिकटेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस से शिष्टाचार भेंट करते पीयूष गोयल


लिकटेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस से शिष्टाचार भेंट करते पीयूष गोयल


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को भारत की राजकीय यात्रा पर यहां आए लिकटेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस से शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं ने इस बैठक के दौरान व्यापार और निवेश संबंधों पर अहम चर्चा की।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि इस मुलाकात के दौरान भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के तहत आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और निवेश के अवसरों पर चर्चा की गई।

मंत्रालय ने कहा कि गोयल ने भारत के मजबूत आर्थिक बुनियाद ढांचे, निरंतर जारी सुधारों की प्रक्रिया और विनिर्माण क्षमताओं के विस्तार को रेखांकित भी किया, जो अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए व्यापक अवसर प्रदान करते हैं। इस बैठक के दौरान उन्होंने कारोबार सुगमता में सुधार, नियामकीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने, डिजिटल शासन को मजबूत करने तथा एक पूर्वानुमान योग्य, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी कारोबारी माहौल तैयार करने के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों पर जोर दिया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक में भारत-ईएफटीए टीईपीए का लाभ उठाकर निवेश प्रवाह को मजबूत करने और वाणिज्यिक संबंधों को और गहरा बनाने के साझा संकल्प की पुष्टि की गई। भारत का मुख्य उद्देश्य इस समझौते से उत्पन्न अवसरों को निवेश में वृद्धि, विनिर्माण क्षमताओं के विस्तार, प्रौद्योगिकी सहयोग और गुणवत्तापूर्ण रोजगार सहित ठोस आर्थिक परिणामों में बदलना है।

मंत्रालय ने कहा कि गोयल ने भारत-ईएफटीए टीईपीए से मिलने वाले अवसरों को रेखांकित किया। यह समझौता एक अक्टूबर, 2025 को लागू हुआ था। इसके तहत ईएफटीए देशों ने 15 वर्षों में भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाने और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने में मदद करने का लक्ष्य रखा है। यह ढांचा मजबूत आर्थिक संबंधों को दीर्घकालिक निवेश, उत्पादन क्षमता, प्रौद्योगिकी साझेदारी और भारत में रोजगार सृजन के ठोस अवसरों में बदलने का मार्ग प्रशस्त करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags