
- पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लेंगे भाग- खेत बचाओ अभियान में शामिल होने के साथ कृषि अधिकारियों संग करेंगे बैठक
रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर गुरुवार को दिल्ली से रांची पहुंचेंगे। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर देश के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री और संबंधित अधिकारी भाग लेंगे। रांची में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर शामिल होंगे।
सागर कुमार ने बताया कि 30 अक्टूबर को दोपहर में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इसके अलावा वह कृषि विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे