विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में नीलम और काजल ने जीते रजत पदक

युगवार्ता    28-Oct-2026
Total Views |
भारतीय महिला पहलवान नीलम सिरोही


भारतीय महिला पहलवान काजल ढोचक


अस्ताना, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की नीलम सिरोही और काजल धौचक ने बुधवार को कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना में चल रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। दोनों भारतीय पहलवानों को अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

नीलम को जापान की दिग्गज पहलवान यूई सुसाकी ने हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चार बार की विश्व चैंपियन सुसाकी ने मुकाबले में नीलम को कोई अंक नहीं बनाने दिया और पहले पीरियड के समाप्त होने से ठीक पहले उन्हें चित कर दिया। सुसाकी 48 किलोग्राम वर्ग में एक और 50 किलोग्राम वर्ग में तीन विश्व खिताब जीत चुकी हैं।

दूसरी ओर, काजल का मुकाबला यूरोप की दो बार की चैंपियन अल्पियेवा से हुआ। मुकाबले के अंतिम क्षणों से पहले दोनों पहलवान 4-4 की बराबरी पर थीं और मानदंड के आधार पर काजल आगे थीं। हालांकि, अल्पियेवा ने अहम दांव लगाकर 8-4 की बढ़त बना ली। काजल ने आखिरी क्षणों में टेकडाउन से वापसी की कोशिश की, लेकिन हार टालने में सफल नहीं रहीं।

इस उपलब्धि के साथ नीलम और काजल विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला पहलवानों की सूची में अंशु मलिक के साथ शामिल हो गईं। अंशु ने 2021 में ओस्लो में 57 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था।

इस बीच, 65 किलोग्राम वर्ग में भारत की रजनीता को रेपेचेज मुकाबले में जापान की नाना इकेहाता से 2-6 से हार मिली। इसके साथ ही उनका कांस्य पदक मुकाबले में पहुंचने का अवसर समाप्त हो गया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags