(लीड) उप्र विधान परिषद चुनाव : भाजपा की छह सीटों पर जीत, सपा ने तीन पर जमाया कब्जा, दो सीटों पर मतगणना जारी

युगवार्ता    28-Oct-2026
Total Views |
वाराणसी : भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रेक्षक प्रांजल यादव  को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे


लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 स्नातक व 06 शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 में भारतीय जनता पार्टी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तीन सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जीते हैं और दो सीटों पर आगे है। इस चुनाव में मुख्य रूप से भाजपा और समाजवादी पार्टी की सीधी टक्कर देखने को मिली है।

उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। मतगणना मंगलवार 27 अक्टूबर सुबह आठ बजे से शुरु हुई। अब तक घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार भाजपा के छह प्रत्याशी दिनेश गोयल मेरठ स्नातक क्षेत्र से, श्रीचंद शर्मा मेरठ शिक्षक क्षेत्र से, लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से उमेश द्विवेदी, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, आगरा स्नातक क्षेत्र से मानवेंद्र सिंह, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र ध्रुव कुमार त्रिपाठी विजयी घोषित किये जा चुके हैं। इसी प्रकार समाजवादी पार्टी के तीन प्रत्याशी लाल बिहारी यादव वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से, आगरा शिक्षक क्षेत्र डॉ. आकाश अग्रवाल, इलाहाबाद प्रयागराज स्नातक क्षेत्र से डॉ मान सिंह यादव को विजयी घोषित किया जा चुका है।

इन दो स्नातक सीटों की मतगणना जारी

इसके अलावा लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र और वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र की मतगणना जारी है। इनमें लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह को सातवें राउंड की गिनती के बाद मत 45,221 प्राप्त हुए हैं जबकि भाजपा उम्मीदवार अवनीश कुमार सिंह को

30,986 मत प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार वाराणसी स्नातक क्षेत्र से चाैथे राउंड की मतगणना पूरी हुई। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा 22,599 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह से आगे चल रहे हैं। केदान नाथ सिंह को 15,404 मत मिले हैं। यहां भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मतगणना में प्रेक्षक प्रांजल यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गये हैं। वे प्रेक्षक को हटाने की मांग कर रहे हैं।

अब तक घोषित परिणाम निम्नवत हैं-

1.मेरठ स्नातक क्षेत्र- दिनेश कुमार गोयल (भारतीय जनता पार्टी)

2.लखनऊ शिक्षक क्षेत्र- उमेश द्विवेदी (भारतीय जनता पार्टी)

3.वाराणसी शिक्षक क्षेत्र- लाल बिहारी यादव (समाजवादी पार्टी)

4.आगरा शिक्षक क्षेत्र- डॉo आकाश अग्रवाल (समाजवादी पार्टी)

5.मेरठ शिक्षक क्षेत्र- श्री चंद शर्मा (भारतीय जनता पार्टी)

6.बरेली- मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र- डाo हरि सिंह ढिल्लो (भारतीय जनता पार्टी)

7.इलाहाबाद-झाँसी स्नातक डॉo मान सिंह यादव (समाजवादी पार्टी)

8.गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र ध्रुव कुमार त्रिपाठी (भारतीय जनता पार्टी)

9.आगरा स्नातक क्षेत्र के उम्मीदवार डॉo मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरुजी), (भारतीय जनता पार्टी)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Tags