
मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री कैटरीना कैफ ने अपने पति और अभिनेता विक्की कौशल की जमकर तारीफ की है। कैटरीना ने हाल ही में वोग को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि विक्की अपने व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बावजूद परिवार के लिए समय निकालना नहीं भूलते। उन्होंने विक्की को एक समझदार जीवनसाथी बताते हुए कहा कि उनके पारिवारिक मूल्य मजबूत हैं और वह एक ईमानदार इंसान हैं। कैटरीना के मुताबिक विक्की उन्हें अपनी तरह से जीने की पूरी आजादी देते हैं और उनकी बात भी ध्यान से सुनते हैं।
कैटरीना ने पिता के रूप में विक्की के व्यवहार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विक्की जब उनके और बेटे विहान के साथ होते हैं, तो अपना पूरा ध्यान परिवार पर रखते हैं। काम के कारण थकान होने या दिन में 18 घंटे तक शूटिंग करने के बावजूद वह परिवार के साथ बिताए पलों में पूरी तरह शामिल रहते हैं। कैटरीना के लिए विक्की की यही खूबी उन्हें एक बेहतरीन पिता बनाती है। अभिनेत्री ने बताया कि माता-पिता बनने के बाद दोनों की दिनचर्या में बदलाव आया है और फिलहाल उनके पास एक-दूसरे के साथ रोमांटिक समय बिताने के मौके कम हैं।
कैटरीना ने यह भी बताया कि विक्की उन्हें भरोसा दिलाते रहते हैं कि जीवन में दोबारा ऐसा समय आएगा, जब वे एक-दूसरे के साथ सुकून के पल बिता सकेंगे। गौरतलब है कि कैटरीना और विक्की ने दिसंबर 2021 में राजस्थान में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की थी। नवंबर, 2025 में उनके घर बेटे विहान का जन्म हुआ। माता-पिता बनने के बाद दोनों अपने पारिवारिक जीवन को प्राथमिकता दे रहे
हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे