टर्फ 2026 का 16वां संस्करण 20 नवंबर को, भारत-फ्रांस के बीच खेल साझेदारी पर रहेगा जोर

युगवार्ता    29-Oct-2026
Total Views |
फिक्की लोगो


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) ने खेल कारोबार पर वैश्विक सम्मेलन और इंडिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के 16वें संस्करण ‘टर्फ 2026’ की घोषणा की है। इसका आयोजन 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित फेडरेशन हाउस में किया जाएगा। इस बार फ्रांस सम्मेलन का साझेदार देश होगा। सम्मेलन की थीम ‘भारत की खेल अर्थव्यवस्था को गति देना : साझेदारी, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व’ रखी गई है।

फिक्की की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सम्मेलन में फ्रांस का एक खेल प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा, जिसमें बिजनेस फ्रांस, चूज पेरिस रीजन, अटूट फ्रांस, आईएनएसईपी, अल्कोर इक्विपमेंट और ग्रुप एबीईओ के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल भारतीय हितधारकों के साथ आमंत्रण-आधारित स्पीड नेटवर्किंग सत्र से अपनी भागीदारी शुरू करेगा। इसके बाद भारत-फ्रांस खेल साझेदारी, पेरिस ओलंपिक 2024 से मिले अनुभवों, भारत की ओलंपिक महत्वाकांक्षाओं और खेल प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर विभिन्न सत्रों में चर्चा होगी।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में दो ज्ञान रिपोर्ट जारी की जाएंगी। इनमें फिक्की-विसीआई ज्ञान रिपोर्ट और फिक्की-पीडब्ल्यूसी की ‘क्रिकेट 2.0 : फ्रंट फुट पर खेलना’ शीर्षक वाली रिपोर्ट शामिल हैं।

फिक्की की खेल समिति के अध्यक्ष और जीएमआर समूह के रणनीतिक सलाहकार पीकेएसवी सागर ने कहा कि पेरिस ओलंपिक 2024 के आयोजन में फ्रांस के अनुभव भारत की खेल संबंधी महत्वाकांक्षाओं के लिए उपयोगी सबक प्रदान करते हैं। टर्फ 2026 में फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल और भारतीय हितधारक उच्च प्रदर्शन वाले खेल, बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी और खेल आयोजनों के क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर विचार करेंगे।

उन्होंने कहा कि खेल पर ज्ञान रिपोर्ट जारी करते हुए भी खुशी हो रही है। उम्मीद है कि यह रिपोर्ट खेल उद्योग के लिए एक उपयोगी संदर्भ साबित होगी।

फिक्की की खेल समिति के सह-अध्यक्ष और अडाणी स्पोर्ट्सलाइन के मुख्य व्यवसाय अधिकारी संजय अडेसरा ने कहा कि भारतीय खेल जगत अब इरादों से आगे बढ़कर उन्हें अमल में लाने के चरण में पहुंच रहा है। इस बदलाव को गति देने में सही साझेदारियों की अहम भूमिका होगी। टर्फ 2026 भारतीय और फ्रांसीसी हितधारकों को विचारों के आदान-प्रदान और दीर्घकालिक सहयोग विकसित करने का मंच प्रदान करेगा।

टर्फ देश के प्रमुख खेल कारोबार मंचों में शामिल हो चुका है। यह सम्मेलन नीति-निर्माताओं, खिलाड़ियों, निवेशकों, ब्रांडों और नवाचार से जुड़े लोगों को एक साथ लाता है। सम्मेलन का समापन शाम को इंडिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के साथ होगा, जिसमें खेल कारोबार और नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद भव्य नेटवर्किंग रात्रिभोज का आयोजन भी होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags