सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखेंगे विष्णु देव साय

युगवार्ता    03-Oct-2026
Total Views |

सिंगापुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम दक्षिण पूर्वी एशिया के सबसे बड़े आर्थिक केन्द्र सिंगापुर की चार दिन की यात्रा पर यहाँ पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री आज सुबह नई दिल्ली से सिंगापुर के लिए रवाना हुए हैं। 3 से 6 अक्टूबर तक की उनकी यात्रा छत्तीसगढ़ में नए निवेश, औद्योगिक साझीदारी और वैश्विक कंपनियों के साथ कारोबारी अवसरों पर केन्द्रित होगी।

मुख्यमंत्री के सिंगापुर पहुंचने के बाद 4 अक्टूबर को प्रमुख उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ मुलाकातों का सिलसिला रहेगा। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों और संभावित परियोजनाओं को लेकर कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ सीधे विचार-विमर्श होगा।

दौरे का मुख्य कार्यक्रम 5 अक्टूबर को आयोजित सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) फोरम 2026 होगा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री साय सिंगापुर के प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर सीधे प्रश्न भी किए जाएंगे।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री इस मंच पर छत्तीसगढ़ की उस औद्योगिक तस्वीर को सामने रखेंगे, जिसमें पारंपरिक संसाधन आधारित उद्योगों के साथ तकनीक, आधुनिक विनिर्माण और हरित अर्थव्यवस्था के लिए भी नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

सिंगापुर में होने वाले संवाद के दौरान एआई एवं डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, सेमीकंडक्टर, विनिर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा जाएगा।

वहीं, बस्तर में पर्यटन और आतिथ्य उद्योग को भी अंतरराष्ट्रीय निवेश के संभावित क्षेत्र के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़ने की संभावनाओं पर भी उद्योग जगत के साथ बातचीत होगी।

सिंग फोरम में मुख्यमंत्री के साथ होने वाला संवाद इस यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। निवेशकों के सवालों के जवाब देते हुए मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाने की संभावनाओं, अधोसंरचना, ऊर्जा, संसाधनों और राज्य की औद्योगिक नीतियों से जुड़े पहलुओं को सामने रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Tags