प्रियंका कक्कड़, रजत राकेश टंडन और श्याम सुंदर शर्मा कांग्रेस में शामिल, कक्कड़ ने आआपा छोड़ने की वजह बताई

युगवार्ता    03-Oct-2026
Total Views |
नई दिल्ली में शनिवार को कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी नेताओं के साथ प्रियंका कक्कड़, रजत राकेश टंडन और श्याम सुंदर शर्मा।


नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी की पूर्व मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़, पत्रकार रजत राकेश टंडन और उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा शनिवार को कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, सैयद नसीर हुसैन और पार्टी मीडिया विभाग के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में तीनों ने पार्टी की सदस्यता ली।

यहां शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस में शामिल हुए श्याम सुंदर शर्मा उत्तर प्रदेश में आठ बार विधायक और पूर्व मंत्री रह चुके हैं। वहीं, रजत राकेश टंडन के परिवार का कांग्रेस से पुराना जुड़ाव रहा है और उन्होंने दो दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता की है। प्रियंका कक्कड़ आम आदमी पार्टी की पूर्व मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और उच्चतम न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर कोई नेता अपने विचारों को आगे बढ़ाने से नहीं डरता है तो वह राहुल गांधी हैं। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चलाए जा रहे अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक किया। कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी में अपने अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय पार्टी ने कहा था कि वह बंगला या कार नहीं लेगी लेकिन बाद में निजी यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल होने लगा। एक समय आम आदमी पार्टी ने बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली और समझदार लोगों को आकर्षित किया था, लेकिन बाद में वह उन्हें अपने साथ नहीं रख सकी। अब ऐसे लोगों को राजस्थान से लाकर पंजाब में वरिष्ठ पद दिए जा रहे हैं, जिन्होंने बूथस्तर पर भी काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक ऐसी चीजों का बचाव नहीं कर सकती थीं।

श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि राजनीति का मतलब परिश्रम, संप्रभुता, प्रतिबद्धता और वचनबद्धता है और यह सोच कांग्रेस के भीतर है। अन्य पार्टियां जातिवाद और धर्मवाद की बात करती हैं, जबकि कांग्रेस और राहुल गांधी मानववाद की बात करते हैं।

रजत राकेश टंडन ने कहा कि उनके परिवार का कांग्रेस से पुराना जुड़ाव रहा है और परिवार की सोच कांग्रेस के साथ रही है। पत्रकार के तौर पर उन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस को कवर किया है और इस दौरान देखा कि पार्टी में लोगों की बात सुनी जाती है।

राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि श्याम सुंदर शर्मा उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे हैं और आठ बार विधायक तथा पूर्व मंत्री रह चुके हैं। प्रियंका कक्कड़ और रजत राकेश टंडन के कांग्रेस में शामिल होने से उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति पर प्रभाव पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags