उप्र के जालौन में अवैध सिंथेटिक ड्रग्स बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़, 1100 किलो नशीले पदार्थ व रसायन जब्त

युगवार्ता    30-Oct-2026
Total Views |
डीआरआई


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एक दूरदराज गांव में चल रही अवैध सिंथेटिक ड्रग्स बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में करीब 1100 किलोग्राम नशीले पदार्थ, उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और उपकरण जब्त किए गए हैं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों की बड़ी टीम ने उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की मदद से 29 अक्टूबर की सुबह संदिग्ध ठिकाने पर संयुक्त कार्रवाई की। तलाशी के दौरान वहां सिंथेटिक ड्रग्स बनाने के लिए पूरी तरह संचालित प्रयोगशाला मिली। मौके से करीब 184 किलोग्राम अर्धनिर्मित नशीले पदार्थ, लगभग 582 किलोग्राम प्रीकर्सर रसायन और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए।

इसके बाद आरोपितों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई। वहां से करीब 15.4 किलोग्राम तैयार मेथाक्वालोन, लगभग 153 किलोग्राम रसायन और निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली एक मशीन बरामद की गई। एक अन्य आरोपित के परिसर की तलाशी में करीब 168 किलोग्राम अतिरिक्त प्रीकर्सर रसायन जब्त किए गए।

डीआरआई ने इस अवैध निर्माण केंद्र से जुड़े दो लोगों को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस)-1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है।

मंत्रालय के अनुसार तैयार नशीले पदार्थों, अर्धनिर्मित सामग्री, प्रीकर्सर रसायनों और निर्माण उपकरणों की बड़ी मात्रा में बरामदगी से संगठित अवैध नशीले पदार्थों के निर्माण नेटवर्क का संकेत मिलता है। इस कार्रवाई से अवैध उत्पादन केंद्र को ध्वस्त करने के साथ ही बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों और रसायनों को अवैध आपूर्ति शृंखला तक पहुंचने से रोका गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags