मप्र के भोपाल में 19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का होगा शुभारंभ, महिला एशियन हॉकी ट्रॉफी का भी होगा आगाज

युगवार्ता    30-Oct-2026
Total Views |
अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते मंत्री विश्वास कैलाश सारंग


अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते मंत्री विश्वास कैलाश सारंग


अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते मंत्री विश्वास कैलाश सारंग


- कॉम्प्लेक्स का प्रथम चरण बनकर तैयार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे शुभारंभ

भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का शुभारंभ 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसी दिन महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज भी होगा, जो इस परिसर में आयोजित होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होगा।

खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को दौरा कर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण चरण के शुभारंभ एवं आगामी महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन के लिए खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के ठहरने, परिवहन, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

मंत्री सारंग ने कहा कि भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यह पहला अंतरराष्ट्रीय आयोजन होगा। ऐसे में आयोजन की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट हों, जिससे मध्य प्रदेश की खेल अधोसंरचना और आतिथ्य की बेहतर छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो सके। उन्होंने खिलाड़ियों की डाइट, आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। खिलाड़ियों के ठहरने और परिवहन की व्यवस्थाओं की निगरानी खेल एवं युवा कल्याण विभाग करेगा।

उन्होंने बताया कि लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का शुभारंभ 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया जाएगा। यह परिसर प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

खेल मंत्री ने बताया कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियों के तहत 3 नवंबर को हॉकी इंडिया का प्रतिनिधिमंडल भोपाल आएगा। इस दौरान आयोजन से संबंधित एमओयू की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसी दिन चैंपियनशिप के लोगो का भी अनावरण किया जाएगा।

शहर में बनेगा खेल उत्सव का माहौल

मंत्री सारंग ने कहा कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आयोजन से भोपाल में उत्साह और उत्सव का माहौल निर्मित किया जाए। आयोजन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता कराना तथा प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और मध्य प्रदेश को खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Tags