सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के समर्थन में 1 नवंबर को हरिनगर में भाजपा निकालेगी विरोध मार्च

युगवार्ता    30-Oct-2026
Total Views |
har


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। 1984 के सिख दंगों से प्रभावित परिवारों, समाज और विभिन्न संस्थाओं के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी 1 नवंबर को पश्चिमी दिल्ली के सिख बहुल क्षेत्र हरिनगर में सांकेतिक विरोध मार्च निकालेगी। इसमें हजारों सिख नागरिकों के साथ भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।

इस विरोध मार्च का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी करेंगे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शुक्रवार को बताया कि 31 अक्टूबर से 3 नवंबर 1984 तक का समय भारतीय इतिहास में विशेष रूप से सिख समाज के लिए बेहद दुखद और पीड़ादायक रहा है। इन दिनों के दौरान दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में हजारों निर्दोष सिखों की हत्या की गई, उनके घरों और दुकानों को लूटा गया तथा आग के हवाले कर दिया गया।

1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली पर आपत्ति जताते हुए कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के दिन राहुल गांधी की राजनीतिक छवि को दोबारा स्थापित करने के लिए रैली आयोजित करना सिख समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी की राजनीतिक पुनर्स्थापना से पहले 1984 के दंगों के पीड़ित सिख परिवारों से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पिछले दस दिनों से दिल्ली के अनेक सिख नेता और सिख संस्थाओं के प्रबंधक भाजपा नेताओं से मिलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा से इस मुद्दे को समाज के सामने उठाने में सहयोग मांगा है।

मल्होत्रा ने कहा कि दिवाली के सप्ताह में कांग्रेस की बड़ी रैली आयोजित होने से दिल्ली के व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हजारों वाहनों के राजधानी में आने से यातायात प्रभावित होने और बाजारों में व्यापार ठप होने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी कांग्रेस नेताओं से रैली को दिवाली के बाद आयोजित करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने दिल्ली में 1 नवंबर से लागू होने वाले वाहन प्रदूषण संबंधी नियमों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बीएस-6 मानक से पुराने बाहरी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के कारण रैली में आने वाले वाहनों को लेकर भी स्थिति जटिल हो सकती है। इससे यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर विवाद की आशंका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags