मप्र के धार जिले में लहलहा रही थी गांजे की खेती, 25 करोड़ रुपये के 6700 किलो पौधे जब्त, 4 गिरफ्तार

युगवार्ता    31-Oct-2026
Total Views |
खेतों से जब्त कर ट्रालियों में लाए गए गांजे के पौधे


खेतों में लहलहाती गांजे की खेती


भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के उमरबन में पुलिस ने ड्रोन की मदद से गांजे की अवैध खेती का पता लगाया। शनिवार रात तक करीब 67 क्विंटल यानी 6,700 किलो गांजे के पौधे जब्त किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 25 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में चार आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

धार जिले के उप पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चला रही है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत ड्रोन से जंगलों, दुर्गम पहाड़ी इलाकों और खेतों का हवाई सर्वे किया जा रहा है। संदिग्ध जगहों की पहचान के बाद पुलिस टीमें वहां पहुंचकर जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही हैं।

48 घंटे से जारी है सर्चिंग

उन्होंने बताया कि मनावर थाना क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से ड्रोन से निगरानी और तलाशी अभियान चल रहा है। पुलिस की कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। गांजे के पौधों को पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर मनावर लाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन, बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

15 दिन में तैयार होने वाली थी फसल

पुलिस के अनुसार, ग्राम उमरबन में गांजे की खेती मक्का, कपास और तुअर की फसल के बीच की जा रही थी। पौधों को तैयार करने के लिए खेतों में सिंचाई भी की जा रही थी। फसल लहलहा रही थी और इसके तैयार होने में करीब 15 दिन बाकी थे। इससे पहले ही पुलिस ने शुक्रवार और शनिवार को दबिश देकर पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया। उमरबन ब्लॉक के ग्राम बड़िया और मंडावदा में यह कार्रवाई की गई। खेतों में सिंचाई के कारण जमीन में काफी नमी थी। ऐसे में पौधों को उखाड़कर खेतों से बाहर निकालने में पुलिसकर्मियों को करीब 24 घंटे लगे। कार्रवाई में तीन थाना प्रभारी, चार एएसआई और 40 जवान शामिल थे। धार जिले में इस तरह की यह पहली कार्रवाई बताई गई है।

चार आरोपितों पर मामला दर्ज

मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव ने शनिवार रात 9:30 बजे बताया कि मामले में चारों आरोपितों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपित अनिल पुत्र गुलाब मंडलोई, मालसिंह उर्फ हरेसिंह पुत्र लालसिंह मौर्य, सखाराम पुत्र सुखलाल मौर्य और गुलसिंह पुत्र भलसिंह मंडलोई, सभी निवासी बड़िया पटेलपुरा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में मनावर एसडीओपी प्रदीप वाल्टर, डीएसपी रामसिंह राठौर, निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी, धरमपुरी थाना प्रभारी, बाकानेर चौकी प्रभारी मनोज पाटीदार, सिंघाना चौकी प्रभारी अनुप बघेल, नवीन जोशी, महेश जाट, धरमपुरी थाने के रेमसिंह बामनिया, ललित कुमरावत, धीरज ठाकुर, अजय तंवर, लक्ष्मण जमरा, गजेंद्र कनेश, कमल सोलंकी, रविंद्र डावर, सुनील डावर, रामेश्वर जमरे और पुलिस लाइन धार के बल का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags