कगिसो रबाडा ने रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 600 विकेट

युगवार्ता    31-Oct-2026
Total Views |
विकेट लेने के बाद खुशी मनाते रबाडा


केपटाउन, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 विकेट पूरे कर लिए हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दक्षिण अफ्रीका के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के पांचवें दिन रबाडा ने यह मुकाम हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट भी पूरे कर लिए।

रबाडा के नाम अब 260 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 601 विकेट हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए उनसे पहले शॉन पोलॉक (823), डेल स्टेन (697), मखाया एंटिनी (661) और एलन डोनाल्ड (602) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

रबाडा ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड को 14 रन पर आउट कर टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे किए। वह मैचों के लिहाज से सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 75 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की। इस मामले में वह मैल्कम मार्शल के बराबर हैं। रिचर्ड हेडली और डेल स्टेन ने 69 टेस्ट में, जबकि डेनिस लिली ने 70 टेस्ट में 350 विकेट पूरे किए थे। ग्लेन मैक्ग्रा ने इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 74 टेस्ट खेले थे।

गेंदों के लिहाज से रबाडा सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने केवल 13,808 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की। इस सूची में डेल स्टेन 14,719 गेंदों के साथ दूसरे और वकार यूनुस 14,905 गेंदों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मैल्कम मार्शल ने 16,285 और मिचेल स्टार्क ने 16,908 गेंदों में 350 टेस्ट विकेट पूरे किए थे।

ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम को किया ध्वस्त

तीसरे टेस्ट के निर्णायक दिन रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। 288 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दिन की शुरुआत जीत के लिए जरूरी 288 रन के साथ की, लेकिन रबाडा ने अपने शुरुआती ओवर में ही दो विकेट लेकर मेहमान टीम को मुश्किल में डाल दिया। उन्होंने मैथ्यू रेनशॉ को बिना खाता खोले और मार्नस लाबुशेन को चार रन पर पगबाधा आउट किया।

इसके बाद रबाडा ने ट्रेविस हेड को 14 रन पर आउट कर अपना 350वां टेस्ट विकेट पूरा किया। कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस के बीच गलतफहमी के कारण इंग्लिस चार रन बनाकर रन आउट हो गए। इस तरह 15.3 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 40 रन हो गया। ग्रीन 16 रन बनाकर नाबाद थे और टीम को जीत के लिए अभी 248 रन की जरूरत थी।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 329 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 429 रन बनाकर 100 रन की बढ़त हासिल की। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में शानदार वापसी करते हुए 387 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा। रयान रिकेल्टन ने 101 और वियान मुल्डर ने 115 रन की शतकीय पारियां खेलकर मेजबान टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags