

नई दिल्ली, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) ने एशियाई खेल-2026 में भारतीय महिला गोल्फरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए रविवार को नकद पुरस्कारों की घोषणा की है।
आईजीयू के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने बताया कि गवर्निंग काउंसिल ने आपके स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रदर्शन के सम्मान में 10 लाख के नकद पुरस्कार को मंजूरी दी है। इसके अलावा भारतीय महिला गोल्फ टीम द्वारा जीते गए रजत पदक के सम्मान में टीम की हर सदस्य को 3 लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। ये पुरस्कार आपके असाधारण योगदान और भारतीय गोल्फ का मान बढ़ाने के लिए हमारी सराहना का एक छोटा सा प्रतीक हैं। बहुत-बहुत बधाई, प्रणवी। हमें आप पर बहुत गर्व है और हम आने वाले वर्षों में आपकी निरंतर सफलता की कामना करते हैं।
प्रणवी उर्स ने एशियाई खेलों में महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। वह एशियाई खेलों में गोल्फ का व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं। वह इन खेलों में व्यक्तिगत गोल्फ स्वर्ण पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय गोल्फर हैं। उनसे पहले लक्ष्मण सिंह ने 1982 और शिव कपूर ने 2002 एशियाई खेलों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
इसके अलावा महिला टीम गोल्फ स्पर्धा में अदिति अशोक, प्रणवी उर्स और दीक्षा डागर की तिकड़ी ने रजत पदक हासिल किया है। महिला टीम स्पर्धा में यह एशियाई खेलों के गोल्फ इतिहास में भारत का पहला पदक है, जिससे भारतीय गोल्फ के लिए यह प्रतियोगिता ऐतिहासिक बन गई।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह