

-एक ही परिवार में जवान की मौत के बाद बेटे समेत तीन अन्य की जान गई, रुद्रपुर में पसरा मातम
देवरिया, 04 अक्टूबर (हि.स.)। चंडीगढ़ से सेना के जवान सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया आ रही एंबुलेंस रविवार सुबह सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार जवान के पुत्र राहुल सिंह, रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी, उनके छोटे भाई राम सुमित सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार में पहले जवान की मौत और इसके बाद उनके पुत्र समेत तीन अन्य लोगों की सड़क हादसे में मौत से रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गहिला-दुधैला गांव निवासी सत्यवान सिंह (50) सेना में जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) के पद पर मेरठ में तैनात थे। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से पैतृक गांव रुद्रपुर लाया जा रहा था।
बताया गया कि एंबुलेंस में चालक जसपाल के अलावा सत्यवान सिंह के पुत्र राहुल सिंह, रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी और उनके छोटे भाई राम सुमित सिंह सवार थे। रविवार सुबह सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अचानक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और परिचितों में कोहराम मच गया। जिस परिवार में कुछ ही घंटे पहले सत्यवान सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, उसी परिवार को उनके पुत्र राहुल सिंह की मौत की खबर ने झकझोर दिया। परिवार के तीन अन्य सदस्य निजी वाहन से एंबुलेंस के पीछे आ रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही वे घटनास्थल की ओर रवाना हुए।
हादसे में जान गंवाने वाले राम सुमित सिंह रुद्रपुर क्षेत्र के तरसारा डाकघर में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही डाक विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक छा गया। वहीं, रुद्रपुर नगर पंचायत के सभासद राजन चौधरी की मौत की सूचना से नगर पंचायत क्षेत्र में भी मातम पसर गया।
एक ही हादसे में चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही रुद्रपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मृतकों के परिजनों के घर पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है। लोग इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।
इस घटना ने एक परिवार को एक साथ कई अपनों के खोने का ऐसा दर्द दिया है, जिसने पूरे रुद्रपुर क्षेत्र को झकझोर दिया है। जवान के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच हुई इस दुर्घटना से गांव और आसपास का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।
हलियापुर थाना के उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र निवासी सत्यवान सिंह का निधन होने के बाद उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से लखनऊ के रास्ते देवरिया ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक