लंदन, 05 अक्टूबर (हि.स.)। लंदन स्थित इजराइली दूतावास में घुसकर चाकू से हमला करने की कोशिश करने वाले कुवैती नागरिक अब्दुल्ला अलबद्री को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने सोमवार को आतंकवादी कृत्य के मामले में आरोपित को 20 वर्ष जेल में रखने का आदेश दिया है।
34 वर्षीय अलबद्री ने अप्रैल 2025 में पश्चिमी लंदन के केंसिंग्टन स्थित इजराइली दूतावास की सुरक्षा घेरे को पार करने की कोशिश की थी। वह दो चाकुओं के साथ दूतावास की बाड़ पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था, तभी वहां तैनात सशस्त्र पुलिस अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया था।
मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष ने कहा कि अलबद्री ने दूतावास के स्थान की पहले से जानकारी जुटाई थी। उसके पास एक कथित ‘सुसाइड नोट’ भी मिला था। जांच में उसके मोबाइल फोन से दूतावास के स्थान और सुसाइड से जुड़े शब्दों की खोज किए जाने की जानकारी सामने आई।
अभियोजन के अनुसार, अलबद्री इजराइल की गाजा में कार्रवाई के प्रतिशोध में दूतावास को निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अलबद्री ने अदालत में आतंकवादी हमला करने की तैयारी से इनकार किया था और कहा था कि वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए दूतावास गया था। उसने चाकुओं को निजी सुरक्षा के लिए रखने की बात कही थी।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय