
- श्याम मोहन की उपलब्धि से खिलाड़ियों में उत्साह
मुरादाबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। झांसी में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मुक्केबाज श्याम मोहन ने 85-90 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता एक से चार अक्तूबर तक आयोजित की गई।
श्याम मोहन ने पहले मुकाबले में बरेली के आयुष को पहले चक्र में आरएससी के आधार पर हराया। क्वार्टर फाइनल में मेरठ के जयवर्धन को 3-2 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने गोरखपुर के ऋषि मिश्रा को दूसरे चक्र में आरएससी के आधार पर पराजित किया। फाइनल में आजमगढ़ के अभिनव को भी दूसरे चक्र में आरएससी के आधार पर हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
जिला बॉक्सिंग संघ मुरादाबाद के सचिव एवं अंतर्राष्ट्रीय रेफरी/बॉक्सिंग कोच एसके क्षेत्री ने बताया कि श्याम मोहन की उपलब्धि से खिलाड़ियों में उत्साह है। उनकी सफलता पर जिला बॉक्सिंग संघ मुरादाबाद के अध्यक्ष राजीव गोयल, महासचिव, उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, कोषाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह, योगेंद्र कुमार आदि ने बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल