पुर्तगाल ने नॉर्वे को हराकर नेशंस लीग क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

युगवार्ता    05-Oct-2026
Total Views |
पुर्तगाल के लिए गोल करने वाले गोंकालो रामोस (दाएं)


पोर्टो, 05 अक्टूबर (हि.स.)।क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बिना खेल रहे मौजूदा चैंपियन पुर्तगाल ने रविवार रात नेशंस लीग में नॉर्वे को 2-1 से हराकर मार्च में होने वाले क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पुर्तगाल ने प्रतियोगिता में लगातार चार जीत दर्ज करते हुए ग्रुप ए4 में शीर्ष दो में स्थान सुनिश्चित कर लिया है।

पुर्तगाल की ओर से गोंसालो रामोस ने मैच खत्म होने से 11 मिनट पहले निर्णायक गोल किया। इस जीत के बाद पुर्तगाल दूसरे स्थान पर मौजूद डेनमार्क से छह अंक आगे हो गया है। डेनमार्क ने कार्डिफ में वेल्स को 1-0 से हराया।

रोनाल्डो पिछले सप्ताह कोच जॉर्ज जीसस के साथ विवाद के बाद टीम से अलग हो गए थे। उनके बिना भी पुर्तगाल ने गुरुवार को डेनमार्क के खिलाफ जीत दर्ज की थी और अब घरेलू मैदान पर नॉर्वे को हराकर अपनी जीत की लय कायम रखी।

नॉर्वे ने 36वें मिनट में बढ़त बनाई। सेंटर-बैक क्रिस्टोफर एजेर ने पेनल्टी क्षेत्र के बाहर से शानदार हाफ-वॉली लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया। हालांकि, दो मिनट बाद ही पुर्तगाल ने बराबरी कर ली। जोआओ कैंसेलो ने जोरदार शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया।

निर्णायक गोल रामोस ने किया। जोआओ फेलिक्स ने गोल की ओर हेडर के जरिए गेंद पहुंचाई, जिसे रामोस ने अपने पैर के पिछले हिस्से से गोल में डाल दिया।

पुर्तगाल के कोच जॉर्ज जीसस ने कहा, “नॉर्वे को हराने के लिए काफी तकनीकी गुणवत्ता की जरूरत होती है। हमने डेनमार्क के खिलाफ जैसा प्रदर्शन किया था, वैसा प्रदर्शन किए बिना जीत हासिल की, लेकिन महत्वपूर्ण बात जीत और क्वालीफिकेशन थी। मुझे इस टीम पर काफी भरोसा था, लेकिन शायद मैंने यह उम्मीद नहीं की थी कि हम अपने पहले चार मैचों में चार जीत दर्ज कर लेंगे।”

पुर्तगाल की जीत हालांकि फ्रांसिस्को कोंसेइसाओ के लाल कार्ड के कारण कुछ फीकी रही। मैच खत्म होने से चार मिनट पहले उन्हें दूसरा पीला कार्ड मिला। पीला कार्ड मिलने के बाद उन्होंने रेफरी की ओर व्यंग्यात्मक अंदाज में अंगूठा दिखाया, जिसके तुरंत बाद उन्हें मैदान से बाहर भेज दिया गया।

डेनमार्क ने वेल्स को हराया

कार्डिफ में वेल्स के गोलकीपर डैनी वार्ड ने डेनमार्क को रोकने के लिए कई शानदार बचाव किए, लेकिन 75वें मिनट में गुस्ताव इसाक्सेन को फाउल करने के कारण उन्होंने पेनल्टी दे दी। रासमुस होयलुंड ने पेनल्टी को गोल में बदलकर डेनमार्क को 1-0 से जीत दिलाई।

नीदरलैंड्स ने सर्बिया को हराया

ग्रुप ए2 में नीदरलैंड्स ने आइंडहोवन में सर्बिया को 2-1 से हराकर गोल अंतर के आधार पर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। कप्तान वर्जिल वान डाइक ने अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।

नीदरलैंड्स ने 31वें मिनट में बढ़त बनाई। ट्यून कूपमाइनर्स की फ्री-किक को पेनल्टी क्षेत्र में किसी खिलाड़ी का स्पर्श नहीं मिला और गेंद सीधे गोल के कोने में चली गई। चार मिनट बाद सर्बिया ने बराबरी कर ली। अलेक्सा तेर्जिच के क्रॉस पर किशोर खिलाड़ी मिहायलो त्स्वेत्कोविच ने कूपमाइनर्स से ऊपर उठकर हेडर से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल किया।

72वें मिनट में नीदरलैंड्स ने फिर बढ़त हासिल की। डेनजेल डमफ्रीज के लो क्रॉस को तिजानी रेनडर्स ने गोल के सामने पहुंचाया, जहां जोशुआ जिर्कजी ने उसे गोल में डालकर टीम को 2-1 की जीत दिला दी।

जर्मनी को गोल की तलाश

जर्मनी ने ग्रीस के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर दबदबा बनाया, लेकिन गोल नहीं कर सका और मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। नए कोच के तहत जर्मनी ने अपने पहले चार मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज की है।

ग्रुप बी3 में ऑस्ट्रिया ने कोसोवो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला, लेकिन वह अभी भी तीन अंक की बढ़त के साथ शीर्ष पर है। रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड और इजरायल के बीच सर्बिया के बाक्का टोपोला में बिना दर्शकों के खेले गए मुकाबले का नतीजा भी 1-1 रहा।

ग्रुप डी2 में अब्दुलाख खायबुलायेव के पहले हाफ के गोल की बदौलत अजरबैजान ने पहले से अजेय लिथुआनिया को 1-0 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं ग्रुप डी1 में अनुभवी टेडी टेउमा के दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरने के बाद किए गए गोल से माल्टा ने एंडोरा को 1-0 से हराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags