काला सागर में जहाज में लगी आग, दो की मौत, चालक दल के 11 लोगों का रेस्क्यू

युगवार्ता    05-Oct-2026
Total Views |

बुखारेस्ट, 05 अक्टूबर (हि.स.)। रोमानिया के पास काला सागर में एक जहाज में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक दल के 11 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। यह हादसा देश के क्षेत्रीय जल से बाहर हुआ और आग लगने के बाद जहाज के डूबने की स्थिति में होने की जानकारी है।

रोमानियाई गृह मंत्रालय के अनुसार जहाज पर सवार चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया। नौसेना प्राधिकरण ने हादसे में शामिल पोत की पहचान ‘रॉयड ममाडोव’ के रूप में की है। आग लगने के कारण के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है।

रोमानियाई मीडिया के अनुसार जहाज तुर्किये का था और उस पर अनाज लदा हुआ था। हादसा रोमानियाई ऊर्जा कंपनी ओएमवी पेट्रोम के संचालन वाले एक तेल प्लेटफॉर्म के पास हुआ। जहाज सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे के तहत संचालित हो रहा था और इटली के रावेन्ना की ओर जा रहा था। उपलब्ध पोत संबंधी जानकारी के अनुसार, इसका पिछला बंदरगाह यूक्रेन का इज्माइल था।

रोमानिया नाटो का सदस्य है और यूक्रेन के साथ उसकी करीब 614 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से रोमानिया के आसपास काला सागर क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी घटनाएं बढ़ी हैं।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags