उपचुनाव में शाम 5:30 बजे तक 76 से 83.86 फीसदी मतदान, मदुरांतकम सबसे आगे

युगवार्ता    06-Oct-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक तस्वीर


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। देश के तीन राज्यों, एक केंद्र शासित प्रदेश और असम की नगांव लोकसभा सीट समेत छह सीटों पर मंगलवार को हुए उपचुनाव में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम छह बजे मतदान समाप्त हाे गया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शाम 5:30 बजे तक सभी छह सीटों पर 76 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। तमिलनाडु की मदुरांतकम विधानसभा सीट 83.86 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही। वहीं, असम की नगांव लोकसभा सीट पर सबसे कम 76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, शाम 5:30 बजे तक तमिलनाडु की मदुरांतकम में 83.86 प्रतिशत तथा धारापुरम में 78.53 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम में 79.39 प्रतिशत व रेजीनगर में 78.42 प्रतिशत, पुडुचेरी की थट्टनचावडी में 78.83 प्रतिशत और असम के नगांव लोकसभा सीट पर 76 प्रतिशत मतदान हुआ।

वहीं, दोपहर 3:30 बजे तक नगांव में 70.25 प्रतिशत, थट्टनचावडी में 68.91 प्रतिशत, मदुरांतकम में 70.31 प्रतिशत और धारापुरम में 68.08 प्रतिशत मतदान हो चुका था। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर सीट पर 69.29 प्रतिशत और नंदीग्राम में 71.79 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इसके अलावा, दोपहर 1:30 बजे नगांव लोकसभा सीट पर 56.35 प्रतिशत, थट्टनचावडी में 56.27 प्रतिशत, मदुरांतकम में 55.19 प्रतिशत, धारापुरम में 56.09 प्रतिशत, रेजीनगर में 56.43 प्रतिशत और नंदीग्राम में 60.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। सुबह 11:30 बजे तक नंदीग्राम में 43.95 प्रतिशत, रेजीनगर में 38.71 प्रतिशत, नगांव में 37.82 प्रतिशत, थट्टनचावडी में 39.16 प्रतिशत, मदुरांतकम में 35.55 प्रतिशत और धारापुरम में 37.28 प्रतिशत मतदान हुआ था।

सुबह के शुरुआती घंटों में भी मतदान की रफ्तार तेज रही। सुबह 9:30 बजे तक नंदीग्राम में 20.89 प्रतिशत मतदान हुआ था। रेजीनगर में 18.05 प्रतिशत, नगांव में 17.68 प्रतिशत, थट्टनचावडी में 19.20 प्रतिशत, मदुरांतकम में 15.99 प्रतिशत और धारापुरम में 17.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर करीब 27 हजार मतदाताओं के लिए 31 मतदान केंद्र बनाए गए थे और मतदान शांतिपूर्ण रहा।

गाैरतलब है कि, असम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच मुख्य मुकाबला है। नगांव में कुल 19,01,899 मतदाता हैं, जिनमें 9,58,549 पुरुष, 9,43,300 महिलाएं और 50 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। आठ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,307 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 11,535 चुनावकर्मी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। यह सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर भाजपा ने हसिरानी रथ, कांग्रेस ने मिलन प्रधान और वाम मोर्चे की ओर से सीपीआई ने शांतिगोपाल गिरि को उम्मीदवार बनाया है। नंदीग्राम में 282 मतदान केंद्र बनाए गए और सभी केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई। सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 37 कंपनियां तैनात की गई थीं। नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीतने तथा बाद में भवानीपुर सीट बरकरार रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई।

मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट पर भाजपा के शंकराव सरकार, तृणमूल कांग्रेस गुट के रबीउल आलम चौधरी और एजेयूपी के गोलाम नबी आजाद मैदान में हैं। गोलाम नबी आजाद हुमायूं कबीर के बेटे हैं। रेजीनगर में 315 मतदान केंद्र बनाए गए थे और 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था रही। यहां केंद्रीय बल की 34 कंपनियां तैनात की गई थीं। नंदीग्राम और रेजीनगर को मिलाकर कुल 597 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और 71 कंपनियों के केंद्रीय बल की तैनाती की गई। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रेजीनगर और नवदा दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी और बाद में नवदा सीट बरकरार रखी।

तमिलनाडु की आरक्षित मदुरांतकम सीट पर 2,13,788 मतदाता हैं और 285 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा के लिए 2,614 पुलिसकर्मियों, जिनमें 480 सीआईएसएफ जवान शामिल हैं, की तैनाती की गई थी। 23 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया था। सीट पर कुल 27 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में टीवीके की के. मरगथम कुमारवेल, द्रमुक के आई. परंथामेन, अन्नाद्रमुक की कनिता संपत और माकपा की पी. सुगंधी शामिल हैं। यह सीट अन्नाद्रमुक विधायक मरगथम कुमारवेल के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। इस्तीफे के बाद वह टीवीके में शामिल हो गईं और अब उसी पार्टी की उम्मीदवार हैं।

दूसरी आरक्षित सीट धारापुरम में 2,23,247 मतदाता हैं। यहां 320 मतदान केंद्र बनाए गए और करीब 3,500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। 18 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया था। टीवीके ने पूर्व अन्नाद्रमुक विधायक पी. सत्यबामा, द्रमुक ने एस. सुगन्या, अन्नाद्रमुक ने के. भानुमति और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पी. लक्ष्मणन को उम्मीदवार बनाया है।

मदुरांतकम और धारापुरम दोनों सीटें अन्नाद्रमुक विधायकों के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थीं। दोनों सीटों पर कुल 4,37,035 मतदाता और 605 मतदान केंद्र हैं।

वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में एआईएनआरसी के अशोक आनंद, कांग्रेस के ई. विनयगम, द्रमुक के के. सेतु सेल्वम और भाकपा के ए. मोहम्मद सलीम शामिल हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को टीवीके का समर्थन मिला है, जबकि एआईएनआरसी उम्मीदवार को भाजपा और अन्नाद्रमुक का समर्थन हासिल है। सीट पर कुल 26,921 मतदाता हैं। यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने थट्टनचावडी और मंगलम दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी और बाद में मंगलम सीट बरकरार रखी।

इन उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अलग-अलग गुट, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके), तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके), वाम दलों, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) और ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) समेत कई दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं। अधिकांश सीटें निर्वाचित प्रतिनिधियों के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थीं। मतदान के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर हैं। वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी। इसके बाद नगांव लोकसभा और पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम सामने आएंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह

Tags