दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

युगवार्ता    06-Oct-2026
Total Views |
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़े नक्सली डंप से एके-47, इंसास रायफल सहित विस्फाेटक बरामद


दंतेवाड़ा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले अंर्तगत ग्राम मंगनार, बुरदूम, तोड़मा एवं कोहकाबेड़ा के जंगल में सुरक्षाबलों द्वारा सर्चिंग अभियान के दौरान बारसूर के जंगल से आज मंगलवार काे बड़ा नक्सल डंप बरामद किया है। बरामद नक्सल डंप से एके-47, इंसास रायफल, बीजीएल लॉन्चर, बड़ी संख्या में कारतूस, टिफिन बम, कूकर बम, डेटोनेटर से संबंधित सामग्री, वॉकी-टॉकी सेट और नक्सली वर्दी सहित अन्य सामग्री शामिल है।

दंतेवाड़ा एसपी चंद्रमोहन सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचनाओं को अभियान में शामिल करते हुए सुरक्षाबल संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। इसी कार्रवाई के दौरान बारसूर क्षेत्र में यह बड़ी बरामदगी हुई है।

दंतेवाड़ा के एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों की सूचना पर बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदूम, तोड़मा एवं कोहकाबेड़ा के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान 06 अक्टूबर 2026 काे पुलिस फोर्स को सफलता मिली। कोहकाबेड़ा एवं बुरदूम के बीच स्थित घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग कर रही संयुक्त टीम को नक्सलियों द्वारा जमीन के अंदर और जंगल में छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला। सुरक्षाबलों ने इलाके की सघन तलाशी लेते हुए डम्प को सुरक्षित तरीके से बरामद किया। बरामद सामग्री की जांच और सुरक्षित जब्ती की कार्रवाई की गई।आस-पास के क्षेत्रों में भी सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। अभियान का उद्देश्य नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक डम्प को खोजकर निष्क्रिय करना है।

एसपी ने बताया कि संयुक्त टीम ने नक्सली डम्प से एक एके-47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक बीजीएल लॉन्चर, एक .315 बोर बंदूक तथा छह भरमार बंदूके, नौ बीजीएल सेल, एके-47 के 23 राउंड सहित मैग्जीन, पांच बीजीएल राउंड तथा एक इंसास मैग्जीन भी बरामद की गई है। सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली है, इसमें दो टिफिन बम, आठ कुकर बम, दो तीर बम तथा लगभग 20 मीटर कॉडेक्स वायर शामिल है। इसके अलावा पिस्टन रॉड स्प्रिंग 24 नग, लाल-काले रंग का लगभग 20 मीटर वायर तथा मल्टीमीटर, 20 वॉकी-टॉकी सेट, दो जोड़ी नक्सली वर्दी, एक इनवर्टर, दो कार इनवर्टर सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Tags