महाराजा राष्ट्रीय साइकिल पोलो कप 15 नवंबर से, 15 साल बाद जोधपुर में एक साथ होंगे तीन राष्ट्रीय कप

युगवार्ता    06-Oct-2026
Total Views |
jodhpur


जोधपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राज मारवाड़ खेल महोत्सव और साइकिल पोलो फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में पुरुष वर्ग के तीन राष्ट्रीय साइकिल पोलो कप 15 से 18 नवंबर तक जोधपुर में आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिताएं महाराजा गज सिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो मैदान में होंगी।

राज मारवाड़ खेल महोत्सव के सह-संस्थापक राजेंद्र कुमार गुर्जर ने बताया कि करीब 15 वर्ष बाद जोधपुर में पुरुष वर्ग के तीनों प्रमुख राष्ट्रीय साइकिल पोलो कप एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें महाराजा जोधपुर राष्ट्रीय कप, युवराज जोधपुर जूनियर राष्ट्रीय साइकिल पोलो कप और जोधपुर राजभंवर सब-जूनियर राष्ट्रीय साइकिल पोलो कप शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी जोधपुर में राष्ट्रीय साइकिल पोलो फेडरेशन कप के पुरुष और महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इस वर्ष तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से शहर में साइकिल पोलो गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

राज मारवाड़ खेल महोत्सव के उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि जोधपुर में पहली बार राष्ट्रीय साइकिल पोलो रेफरी प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 18 से 20 नवंबर तक चलेगा। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेफरी तथा अंपायर के रूप में कार्य करने के इच्छुक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद लिखित और शारीरिक परीक्षा के आधार पर चयन किया जाएगा।

रेफरी प्रशिक्षण शिविर राष्ट्रीय तकनीकी समिति के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय साइकिल पोलो खिलाड़ी फ्लाइट लेफ्टिनेंट मदन लाल नायक की अध्यक्षता में उनकी टीम के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Tags