मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर कैबिनेट ने किया अभिनंदन, प्रस्ताव पारित

युगवार्ता    06-Oct-2026
Total Views |
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलवार को राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में पत्रकार वार्ता कों संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में सरकार प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे करने के अवसर पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनके अभिनंदन में प्रस्ताव पारित किया है। मोदी 07 अक्टूबर 2001 से 07 अक्टूबर 2026 तक लगातार 25 वर्ष सरकार के प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं पूरी कर रहे हैं।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और उसकी जीवंतता का प्रमाण है।

मंत्री ने कहा कि एक सामान्य परिवार से आया व्यक्ति देश की सेवा के लिए समर्पित हो और जनता उसे लगातार समर्थन दे, यह भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का बड़ा उदाहरण है। मोदी को जनता का समर्थन उनकी कार्यपद्धति, नीतियों और नीयत के कारण मिला है।

वैष्णव ने कहा कि गुजरात में तीन बार मिले प्रचंड जनादेश और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीन लोकसभा चुनावों में मिला ऐतिहासिक समर्थन इसी विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी ने 25 वर्षों के दौरान गुजरात से लेकर केंद्र तक विकास की सोच को विस्तार दिया है।

उन्होंने मंत्रिमंडल के प्रस्ताव की प्रमुख बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें संवेदनशीलता और सशक्तीकरण, सुधारों को आगे बढ़ाने, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण, प्रौद्योगिकी को नागरिकों की सुविधा का माध्यम बनाने तथा निर्णायक नीतियां लेने जैसे पहलुओं को रेखांकित किया गया है।

वैष्णव ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने और अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।

प्रस्ताव में देश के आत्मविश्वास को बढ़ाने, आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को मजबूत करने तथा विश्व में भारत की आवाज को मजबूत बनाने की दिशा में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत को अब विश्वसनीय देश के रूप में देखा जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि विकास के साथ देश की विरासत और जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाना भी प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags