

-खरीफ प्याज की आवक बढ़ने से आपूर्ति सुधरी, खुदरा कीमत और गिरने की उम्मीद
नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने बुधवार को दावा किया कि बाजार में खरीफ प्याज की आवक शुरू होने से इसकी आपूर्ति बढ़ी है। साथ ही रबी मौसम के भंडारित प्याज की उपलब्धता के साथ खुदरा कीमतों में और कमी आने की उम्मीद है।
उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि केंद्र सरकार प्याज की उपलब्धता और कीमतों की स्थिति पर करीबी नजर रख रही है। मंत्रालय ने कहा कि कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और राजस्थान समेत प्रमुख उत्पादक राज्यों से ताजा खरीफ प्याज की आवक शुरू हो गई है, जबकि भंडारित स्टॉक से आपूर्ति जारी है और इससे बाजार की मांग पूरी हो रही है।
खाद्य मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा केंद्र आम लोगों को राहत देने के लिए बफर स्टॉक से प्याज रियायती दरों पर बाजार में उतार रहा है। मंत्रालय ने कहा कि ताजा खरीफ प्याज की आपूर्ति में तेजी आने तथा त्योहारी मौसम से पहले केंद्र सरकार के वितरण प्रयासों को मजबूत किए जाने की उम्मीद है। इससे आपूर्ति की स्थिति मजबूत बनी रहेगी और कीमतों में और कमी आएगी। देशभर में प्याज का औसत खुदरा मूल्य 53.78 रुपये प्रति किलोग्राम है।
प्याज की खुदरा कीमत की स्थिति
मंत्रालय ने कहा कि खुदरा बाजारों में भी कीमतें कम होती दिख रही हैं। पिछले दो हफ्तों में 126 शहरों में प्याज की खुदरा कीमतों में 1 रुपये से 21 रुपये प्रति किलो ग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई है। खासकर तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे प्याज की ज्यादा खपत वाले राज्यों में भी कीमतों में कमी देखी गई है।
बफर स्टॉक से जारी किया गया प्याज
सरकार बफर स्टॉक से प्याज जारी करके उपभोग केंद्रों पर आपूर्ति बढ़ा रही है। अब तक, सरकार ने 123 शहरों में 8 'कांदा एक्सप्रेस' और 467 ट्रकों के माध्यम से 2 लाख क्विंटल से अधिक प्याज की आपूर्ति की है। साथ ही, सरकार अतिरिक्त रेल रैक लगाने की योजना बना रही है, ताकि अधिक मात्रा में प्याज उन बाज़ारों तक पहुंच सके, जहां इसकी खपत बहुत ज्यादा है।
महाराष्ट्र में प्याज के भारित औसत मंडी मूल्य के बारे में केंद्र ने कहा कि यह 16 सितंबर को करीब 4,030 रुपये प्रति क्विंटल से घटकर अब तीन अक्टूबर को लगभग 3,475 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। इसमें करीब 13 फीसदी की गिरावट आई है। प्याज की खुदरा कीमतों के बारे में मंत्रालय ने कहा कि 126 शहरों में पिछले दो सप्ताह के दौरान प्याज के खुदरा मूल्य में एक से 21 रुपये प्रति किलोग्राम तक की कमी दर्ज की गई है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर