डीपी वर्ल्ड ने भारत के साथ दीर्घकालिक साझेदारी दोहराई, न्हावा शेवा बिजनेस पार्क के दूसरे चरण का उद्घाटन

युगवार्ता    07-Oct-2026
Total Views |
न्हावा शेवा बिजनेस पार्क के दूसरे चरण के उद्घाटन अवसर पर कार्यकारी चेयरमैन एसा काजिम एवं अन्य


न्हावा शेवा बिजनेस पार्क के दूसरे चरण के उद्घाटन अवसर पर कार्यकारी चेयरमैन एसा काजिम एवं अन्य


नई दिल्ली/मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। वैश्विक लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड ने भारत के आर्थिक विकास और वैश्विक व्यापार में देश की बढ़ती भूमिका के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई है। कंपनी ने न्हावा शेवा बिजनेस पार्क (एनएसबीपी) के दूसरे चरण का उद्घाटन किया।

कंपनी ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि इस अवसर कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन एसा काजिम ने पहली बार भारत का दौरा किया। उनके साथ डीपी वर्ल्ड के समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी युवराज नारायण और कंपनी के वैश्विक निदेशक मंडल के सदस्य भी मौजूद रहे।

कंपनी ने बताया कि कार्यकारी चेयरमैन एसा काजिम ये दौरा डीपी वर्ल्ड के वैश्विक विकास एजेंडे में भारत के रणनीतिक महत्व और देश के साथ साझेदारी में विश्वस्तरीय व्यापार एवं लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचा तैयार करने की उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

डीपी वर्ल्ड ने कहा कि भारत के विनिर्माण, उपभोग और निर्यात केंद्र के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करने के बीच डीपी वर्ल्ड ऐसी क्षमताओं में निवेश जारी रखे हुए है, जो भारतीय कारोबारों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने और बदलती व्यापारिक जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगी।

कंपनी के अनुसार, बिजनेस पार्क का पहला चरण 44 एकड़ क्षेत्र में फैला है और इसमें 10 लाख वर्ग फुट का वेयरहाउसिंग स्थान उपलब्ध है। इसका दूसरा चरण अतिरिक्त 42 एकड़ क्षेत्र में फैला है और इससे 10 लाख वर्ग फुट की अतिरिक्त वेयरहाउसिंग क्षमता जुड़ेगी।

इस चरण पर करीब 500 करोड़ रुपये (5.2 करोड़ डॉलर) का निवेश किया गया है।

कंपनी ने कहा कि बिजनेस पार्क के दोनों चरण मिलकर विभिन्न उद्योगों से जुड़े ग्राहकों की बढ़ती और अधिक जटिल जरूरतों को पूरा करने की डीपी वर्ल्ड की क्षमता को मजबूत करेंगे।

कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन एसा काजिम ने कहा कि भारत डीपी वर्ल्ड की वैश्विक विकास यात्रा में एक रणनीतिक साझेदार है और कंपनी देश को एक प्रमुख वैश्विक व्यापारिक राष्ट्र बनाने की महत्वाकांक्षाओं में योगदान देने के लिए महत्वपूर्ण अवसर देखती है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags