मप्र के उज्जैन में आशीर्वाद का दीया आयोजन में उपयोग किए गए दीयों से बनी नंदी की भव्य आकृति

युगवार्ता    07-Oct-2026
Total Views |
उज्जैन में आशीर्वाद का दीयो से निर्मित नंदी की आकृति का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री


- मुख्यमंत्री ने हेलीपैड परिसर में स्थापित आकृति का किया अवलोकन, पहल को सराहा

भोपाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में गत 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में उपयोग किए गए दीयों को नगर निगम उज्जैन ने कचरा बनने से बचाते हुए रचनात्मक रूप से पुनः उपयोग किया है। दीपोत्सव कार्यक्रम से लगभग 05 लाख से अधिक दीयों से नंदी की भव्य आकृति तैयार की गई है।

नंदी की यह भव्य एवं आकर्षक आकृति न केवल नगर निगम की रचनात्मक पहल को दर्शा रही है, बल्कि थ्री आर (रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल) की अवधारणा का प्रभावी संदेश भी दे रही है। बुधवार को उज्जैन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हेलीपैड परिसर में स्थापित की गई नंदी की आकृति का अवलोकन करते हुए नगर निगम द्वारा उपयोग किए गए दीयों के रचनात्मक पुनः उपयोग की पहल की सराहना की है।

इस अवसर पर संभाग आयुक्त आशीष सिंह एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी, नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा तथा नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा मौजूद थे।

गौरतलब है कि उज्जैन में 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में उज्जैन में शिप्रा नदी के घाट (रामघाट) और महाकाल महालोक लगभग 33 लाख 27 हजार दीये प्रज्ज्वलित किए गए थे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। करीब 25 हजार वालंटियर्स ने महज तीन मिनट में इन दियों को प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकार्ड बनाया था। इसी कार्यक्रम में इस्तेमाल किए गए गए दीयों से नंदी की भव्य आकृति तैयार की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags