अर्चना गौतम के कैफे 'ओये चुरोस' में चोरी, कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात

युगवार्ता    07-Oct-2026
Total Views |
अर्चना गौतम - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 7 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री और 'बिग बॉस' के 16वें सीजन में नजर आ चुकीं अर्चना गौतम के कैफे 'ओये चुरोस' में चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति कैफे में घुसा और पूरा कैश काउंटर लेकर फरार हो गया। अर्चना का यह कैफे मुंबई के वर्सोवा, अंधेरी पश्चिम इलाके में स्थित है। घटना के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर कैफे का सीसीटीवी फुटेज शेयर किया है।

अर्चना ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए बताया कि एक व्यक्ति उनके कैफे में आया और कैश काउंटर ही लेकर चला गया। अभिनेत्री ने हैरानी जताते हुए कहा कि मुंबई में इतने कैफे होने के बावजूद चोर ने उनके कैफे को ही निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि वीडियो शेयर करने का मकसद लोगों को सतर्क करना है, ताकि सभी अपने आसपास की सुरक्षा को लेकर सावधान रहें।

अर्चना ने बताया कि मामले में पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। उन्होंने मुंबई पुलिस से आरोपी की जल्द तलाश कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की अपील की। अभिनेत्री ने कहा कि मुंबई हमेशा उनके लिए सुरक्षित शहर रहा है और इस घटना से उन्हें काफी दुख पहुंचा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अपने आसपास की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की। अर्चना की पोस्ट पर रिद्धिमा पंडित और बेबिका धुर्वे समेत कई लोगों ने चिंता जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags