राष्ट्रपति से मुलाकात का समय न मिलने पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला

युगवार्ता    08-Oct-2026
Total Views |
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल पत्रकारों से बातचीत करते हुए।


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से ‘इंडी’ गठबंधन के नेताओं की मुलाकात को लेकर समय न मिलने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर कड़ा प्रहार किया है।

दिल्ली स्थित कनॉट प्लेस में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मिलने का औपचारिक अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक राष्ट्रपति भवन की ओर से कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि गठबंधन की ओर से मुलाकात का पहला अनुरोध पत्र 2 अक्टूबर को भेजा गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन कार्यालय ने उन नेताओं के नाम मांगे जो इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने वाले थे। विपक्ष ने 5 अक्टूबर को सभी नेताओं के नामों की सूची के साथ दोबारा पत्र भेजकर 7, 8 या 9 अक्टूबर में से किसी एक दिन का समय देने का आग्रह किया था। लेकिन अब तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है। वे कल तक इस संबंध में जवाब का इंतजार करेंगे।

केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधा हमला बोलते हुए वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मिलकर भारतीय लोकतंत्र में अराजकता फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं और व्यवस्था को खत्म करने का प्रयास कर रहा है जबकि विपक्ष संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए मैदान में डटा हुआ है।

वेणुगोपाल ने कहा कि देश के आम मतदाताओं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए यह विपक्ष के लिए 'करो या मरो' की लड़ाई है, जिससे वे पीछे नहीं हटेंगे।

उल्लेखनीय है कि 'इंडी' गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags