
नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय संचारमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को कहा कि भारत का लक्ष्य 5जी ग्राहकों की संख्या मौजूदा 55 करोड़ से दोगुना कर 2030 तक एक अरब करने का है। उन्होंने कहा कि देश 4जी के मामले में पहले दुनिया से पीछे था लेकिन उसने 6जी में दुनिया की अगुवाई करने का संकल्प लिया है।
केंद्रीय संचारमंत्री ने नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2026 के 10वें एडिशन को संबोधित करते हुए यह बात कही। ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा, 7 अक्टूबर हमारे देश के इतिहास में एक अहम दिन रहेगा। हम नागरिकों के लिए यह गर्व की बात है कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर देश की सेवा के लिए 25 वर्ष अपने कार्यकाल पूरे किए।
सिंधिया ने कहा कि भारत में अभी 55 करोड़ 5जी यूज़र्स हैं और देश 2030 तक 100 करोड़ यूजर्स तक पहुंचने का लक्ष्य लेकर चल रहा है, क्योंकि वह अपनी दूरसंचार और डिजिटल प्रौद्योगिकी क्षमताओं को वैश्विक बाजार तक ले जाना चाहता है। सिंधिया ने कहा कि भारत का ब्रॉडबैंड कस्टमर बेस 2014 में 6 करोड़ से बढ़कर आज 110 करोड़ से ज़्यादा हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में 135 करोड़ मोबाइल कस्टमर्स भी हैं।
आईएमसी 2026 के 10वें संस्करण के उद्घाटन समारोह में सिंधिया ने कहा कि भारत में 5जी दुनिया में सबसे तेजी से अपनाई जाने वाली 5जी प्रौद्योगिकी बन गई है। उन्होंने कहा, 2030 तक हमारा लक्ष्य 5जी उपयोगकर्ताओं की संख्या 55 करोड़ से बढ़ाकर एक अरब करना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम 4जी में दुनिया से पीछे थे। 5जी में हमने दुनिया के साथ कदम मिलाया। अब हमारा संकल्प है कि 6जी में हम दुनिया की अगुवाई करेंगे।’’
6जी के बारे में सिंधिया ने कहा कि भारत 6जी गठबंधन में 90 संस्थान शामिल हैं और उसने 7,700 पेटेंट हासिल किए हैं, जिनमें 4,400 अंतरराष्ट्रीय पेटेंट हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर