'वंस अपॉन अ माइक' के जरिए आमिर खान प्रोडक्शंस नए हुनर को देगा मौका

युगवार्ता    09-Oct-2026
Total Views |
आमिर खान - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 9 अक्टूबर (हि.स.)। आमिर खान प्रोडक्शंस ने आम लोगों की कहानियों और नए कलाकारों को पहचान दिलाने के लिए एक नई पहल 'वंस अपॉन अ माइक' शुरू की है। इस मंच के जरिए देशभर के प्रतिभाशाली लोगों को अपनी कला और अनुभव शेयर करने का अवसर मिलेगा। 'आमिर खान टॉकीज' के तहत 'कोम्यून' के सहयोग से शुरू किए गए इस ओपन माइक मंच पर कविता, रैप, स्पोकन वर्ड, कहानी कहने और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विभिन्न रूपों को जगह दी जाएगी। अब तक फिल्मों के जरिए कहानियां पेश करने वाला यह प्रोडक्शन हाउस आम लोगों की आवाज को भी बड़े मंच तक पहुंचाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

आमिर खान ने सोशल मीडिया पर इस पहल की घोषणा करते हुए कहा कि यह ऐसा मंच है, जहां आम लोग अपनी कहानियां सुनाएंगे और अपनी कला के जरिए पहचान बना सकेंगे। उन्होंने बताया कि 'वंस अपॉन अ माइक' का उद्देश्य उन आवाजों को सामने लाना है, जिन्हें अक्सर अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता। इस मंच की पहली प्रस्तुति मुंबई की रैपर सानिया एमक्यू देंगी। अपनी ऊर्जा, निजी अनुभवों और बेबाक अंदाज के जरिए वह अपनी कहानी दर्शकों तक पहुंचाएंगी। उनकी प्रस्तुति इस पहल की शुरुआत करेगी, जिसका केंद्र वास्तविक अनुभव और कलाकार की अपनी पहचान है।

आमिर खान प्रोडक्शंस लंबे समय से अलग-अलग विषयों और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी कहानियों को पर्दे पर लाने के लिए जाना जाता है। 'वंस अपॉन अ माइक' के जरिए प्रोडक्शन हाउस ने मुख्यधारा के मनोरंजन और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कलाकारों के बीच की दूरी कम करने का प्रयास किया है। इस मंच से नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और व्यापक दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिलने की उम्मीद है। पहल का मकसद केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली विविध आवाजों और कहानियों को सम्मान देना भी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags