अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार जीता हांगकांग सिक्सेस का खिताब

युगवार्ता    01-Nov-2026
Total Views |
अफगानिस्तान खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ


हांगकांग, 01 नवंबर (हि.स.)। अफगानिस्तान ने हांगकांग सिक्सेस 2026 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड पर खेले गए फाइनल (कप) मुकाबले में अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराया।

फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने छह ओवरों में अफगानिस्तान के सामने 116 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे अफगान टीम ने महज 5.1 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट में अपना खिताब जीता।

गुलबदीन नायब की कप्तानी में अफगानिस्तान हांगकांग सिक्सेस का खिताब जीतने वाला आठवां देश बन गया है। इससे पहले पाकिस्तान, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं।

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित छह ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। टीम की ओर से मैक्स ब्रायंट ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 44 रन की पारी खेली। उनकी पारी ने ऑस्ट्रेलिया को मजबूत शुरुआत दिलाई।

इसके अलावा एलेक्स रॉस ने नाबाद 29 रन और निक हॉब्सन ने 23 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान के सामने 116 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। अफगानिस्तान की ओर से करीम जनत और नांगेलिया खरोटे ने एक-एक विकेट हासिल किया।

116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। इमरान मीर ने 14 गेंदों में 2 चौके और साथ छक्कों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। वहीं, फरमानुल्लाह सफी ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने सात गेंदों में चार छक्कों की मदद से नाबाद 26 रन बनाए। कप्तान गुलबदीन नायब ने भी जीत में अहम योगदान दिया और छह गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 17 रन बनाए।

अफगानिस्तान ने 5.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। इस तरह टीम ने पांच गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर पहली बार हांगकांग सिक्सेस की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस कामयाबी पर खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन और अफगान क्रिकेट फैन्स को बधाई दी है।

'हांगकांग सिक्सस' एक अंतरराष्ट्रीय 'सिक्स-ए-साइड' (छह खिलाड़ियों वाली) क्रिकेट टूर्नामेंट है, जो हर साल हांगकांग में आयोजित किया जाता है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags