प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं, प्रदेश के विकास यात्रा की सराहना की

युगवार्ता    01-Nov-2026
Total Views |
हार्दिक बधाई एवं


हार्दिक बधाई एवं


हार्दिक बधाई एवं


हार्दिक बधाई एवं


रायपुर, 01 नवंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

शनिवार 31 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के साथ अपने पुराने जुड़ाव, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता और विकास के क्षेत्र में हो रहे व्यापक बदलावों का उल्लेख किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रधानमंत्री ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में 26 वर्ष पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। उन्होंने सरगुजा से बस्तर तक की अपनी यात्राओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की सरलता, सहजता, मेहनतकश जनता और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं से उनका विशेष आत्मीय संबंध रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाने वाले क्षेत्र आज शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर को माओवादी आतंक से मुक्त कराने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। बस्तर ओलंपिक, नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलें इस बदलाव को नई मजबूती दे रही हैं।

उन्होंने प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी रेल सेवाओं के साथ चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क तथा सड़क और एक्सप्रेसवे परियोजनाएं छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी को नई गति दे रही हैं।

उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश के 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क अनाज दिया जा रहा है। 22 लाख से अधिक पक्के आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, 41 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल तथा करीब 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। लगभग ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड भी जारी किए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में 25 लाख से अधिक किसानों को धान खरीद के माध्यम से उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का उल्लेख करते हुए एम्स, आईआईटी, आईआईएम और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने नवा रायपुर को नवाचार और आधुनिक तकनीक के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होने पर प्रसन्नता जताई। साथ ही फार्मा, टेक्सटाइल, आईटी, स्टील और एल्युमिनियम उद्योगों में नई संभावनाओं का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने संत गुरु घासीदास के संदेश 'मनखे-मनखे एक समान' को समावेशी विकास का आधार बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककलाएं, जनजातीय परंपराएं और तीजन बाई की पंडवानी देश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं।

पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का 'अंजोर विजन' विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयां हासिल करेगा और देश के समग्र विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएगा। उपरोक्त पत्र आज रविवार को छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Tags