मुरादाबाद : पांच दिवसीय नि:शुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर का समापन, मेधावी खिलाड़ी चयनित

युगवार्ता    10-Nov-2026
Total Views |
पांच दिवसीय नि:शुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर के समापन पर चयनित मेधावी खिलाड़ी।


मुरादाबाद, 10 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में एसडी चिल्ड्रन्स एकेडमी लाइनपार, मानपुर नारायणपुर में संचालित रियल वारियर्स ताइक्वांडो अकादमी में मंगलवार को पांच दिवसीय नि:शुल्क ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। साथ ही आज उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना के आधार पर मेधावी खिलाड़ियों का भी चयन किया गया।

शिविर का शुभारंभ 6 नवंबर को हुआ था। इस विशेष शिविर में बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल कौशल को निखारा गया। शिविर के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हेड कोच तकी ने बताया कि आज चयनित खिलाड़ियों में पवन गुप्ता, अनमोल राजपूत, तोमिद, अर्जुन, मोनिका, राशि, पिंकी पाल एवं सृष्टि शामिल है। इन सभी चयनित खिलाड़ियों को अगले 1 वर्ष तक ताइक्वांडो का निःशुल्क विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

अकादमी के ओनर व ताइक्वांडो कोच मोहम्मद नोमान ने बताया हमारा मुख्य उद्देश्य बच्चों को सही दिशा और विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस निःशुल्क 1 वर्षीय प्रशिक्षण का लक्ष्य इन बच्चों को तैयार कर नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर मेडल दिलाना है, ताकि वे अपने शहर के साथ-साथ देश का नाम रोशन कर सकें। शिविर के समापन पर अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे निःशुल्क कैंपों से प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिलता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Tags