पांच वर्षों में नए एम्स में पूरे किए 6 करोड़ से अधिक ओपीडी परामर्श

युगवार्ता    10-Nov-2026
Total Views |
स्वास्थ्य मंत्रालय का लोगो


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। देशभर में प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत स्थापित नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) में पिछले पांच वर्षों के दौरान 6 करोड़ से अधिक ओपीडी परामर्श दर्ज किए गए हैं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 31 अक्टूबर 2026 तक सभी एम्स में कुल 6.01 करोड़ ओपीडी परामर्श हो चुके हैं। यह उपलब्धि देश में विशेषज्ञ और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती पहुंच को दर्शाती है।

मंत्रालय ने की तरफ से जारी जानकारी में बताया गया है कि पीएमएसएसवाई के तहत विभिन्न चरणों में कुल 22 नए एम्स स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 18 पूरी तरह से संचालित हो रहे हैं। ये संस्थान बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), भर्ती रोगी विभाग (आईपीडी), आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाएं, जांच सुविधाएं, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान जैसी व्यापक सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

नए एम्स में ओपीडी परामर्श की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2021-22 में जहां 50.03 लाख ओपीडी परामर्श हुए थे, वहीं 2022-23 में यह संख्या बढ़कर 77.95 लाख और 2023-24 में 100.52 लाख हो गई। वर्ष 2024-25 में 129.98 लाख तथा 2025-26 में 144.96 लाख ओपीडी परामर्श दर्ज किए गए।

वित्त वर्ष 2026-27 में अक्टूबर 2026 तक नए एम्स में 97.41 लाख ओपीडी मरीजों ने परामर्श लिया।

मंत्रालय ने बताया कि

नए एम्स में स्नातक, स्नातकोत्तर और नर्सिंग शिक्षा के अवसरों का भी विस्तार किया गया है। इसके साथ ही विशेष क्लीनिकल सुविधाओं और उन्नत चिकित्सा सेवाओं का विकास किया जा रहा है।

सरकार की यह पहल देश में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। नए एम्स के विस्तार से लोगों को अपने क्षेत्र के निकट बेहतर और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी मदद मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags